Shahjahanpur News: ऑपरेशन के नाम पर रुपये मांगे, केस बिगड़ने पर किया रेफर
शाहजहांपुर। खुटार थाना क्षेत्र के गांव मैनिया निवासी लक्ष्मण सिंह की गर्भवती पत्नी हरविंदर कौर (35) से ऑपरेशन के नाम पर रुपये मांगने का मामला सामने आया। रुपयों की बात तय होने के बाद हालत बिगड़ने पर उसे पीलिया बताकर रेफर कर दिया गया।
हरविंदर कौर को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने खुटार सीएचसी पर भर्ती कराया था। वहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। आरोप है कि परिजन से ऑपरेशन के नाम पर आठ हजार रुपये मांगे गए। चार हजार में बात तय हो गई। बुधवार को ऑपरेशन किए जाने की तैयारी थी, लेकिन हरविंदर की तबीयत बिगड़ गई। तब स्टाफ ने महिला को पीलिया बताते हुए खून की जांच कराई और अल्ट्रासाउंड कराया। महिला की स्थिति अधिक गंभीर होने पर शाम को रेफर कर दिया गया। हरविंदर के पति लक्ष्मण सिंह ने बताया कि अस्पताल में बिल्कुल सुनवाई नहीं हुई। मरीज की देखभाल भी नहीं की गई।
डीएम से की जाएगी लापरवाही की शिकायत
मातृ शिशु कल्याण महिला संगठन की नेत्री रजविंदर कौर ने बताया कि महिला अस्पताल में हरविंदर कौर के साथ की गई लापरवाही की शिकायत डीएम से की जाएगी। जल्द ही इस मामले में डीएम से एक शिष्टमंडल मुलाकात करेगा।
गर्भवती महिला से ऑपरेशन के नाम पर रुपये मांगने की शिकायत हमारे पास नहीं आई है। संबंधित व्यक्ति के शिकायत करने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
– डॉ. राजेश कुमार, प्राचार्य