शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: विधायक की गाड़ी पर हमला या हादसा…गुत्थी अनसुलझी

Connect News 24

शाहजहांपुर। तिलहर से भाजपा विधायक सलोना कुशवाहा की गाड़ी पर हमला हुआ या हादसा था…जांच में पुलिस उलझ गई है। शुरुआत में पत्थर उछलकर शीशे पर लगने की बात पुलिस के अधिकारी कह रहे थे, लेकिन विधायक के चालक विनोद की ओर से अज्ञात के खिलाफ हमले की आशंका व्यक्त करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई। घटना के नौ दिन के बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।

14 अक्तूबर को विधायक सलोना कुशवाहा एक कार्यक्रम से लौट रहीं थीं। निगोही में गिरगिचा चीनी मिल के पास उनकी कार का शीशा टूट गया। चालक ने सुरक्षा की दृष्टि से गाड़ी मौके पर नहीं रोकी। कुछ दूरी जाने के बाद वह लौटकर आया।

विधायक की सूचना पर पुलिस भी आ गई थी। एसपी सिटी सुधीर जायसवाल, सीओ सदर अमित चौरसिया पहुंचे थे। शुरुआत में गाड़ी के शीशे में पत्थर उछलकर लगने की बात अफसरों ने कही थी।

16 अक्तूबर को विधायक की कार के चालक विनोद ने निगोही थाने में तहरीर दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली। विनोद ने तहरीर में कहा कि उसे आभास हुआ कि विधायक के ऊपर किसी ने जानलेवा हमला किया। उसने गाड़ी पांच सौ मीटर आगे ले जाकर रोकी। इससे पहले भी विधायक पर हमला हो चुका है। मामले में एसओजी ने भी जाकर पड़ताल की। संवाद

थाना पुलिस भी अपने स्तर से मामले के खुलासे की बात कह रही है। नौ दिन बीतने के बाद भी पुलिस हादसा या हमले को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाई है। एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button