Shahjahanpur News: शुभ मुहूर्त आज से, बैंड-बाजा और बरात की रहेगी धूम
शाहजहांपुर। बृहस्पति के उदय होने से शुभ कार्यों पर लगी रोक हट गई है। इसके साथ ही शादी-बरातों का दौर शुरू होगा। विवाह के मई में 22 और जून में 17 शुभ मुहूर्त हैं। इसके बाद नवंबर तक शादियां टल जाएंगी। बरातों के शुरू होने से मैरिज लॉन संचालकों, बैंड व कैटरर्स के चेहरे खिल गए हैं।
बृहस्पति के अस्त होने के चलते फरवरी में शादियों पर ब्रेक लग गया था। श्री रुद्र बाला जी धाम के पुजारी डॉ. केके शुक्ल के अनुसार, 29 अप्रैल को बृहस्पति उदय हो गए हैं। अब दो मई से शादियों का दौर शुरू हो जाएगा। मई में लगातार 22 और जून में 17 दिन शुभ मुहूर्त हैं। इसके बाद 23 नवंबर से बरातें शुरू होंगी। बरातों का सीजन शुरू होने से कारोबारियों के चेहरे पर रौनक लौट आई हैै। मैरिज लॉन संचालक, बैंड-बाजा, कैटरर्स आदि पहले ही बुक कर लिए गए हैं।
मई में शादियों के लिए लॉन फुल
– मई में शादियों के लिए शहर के लगभग सभी लॉन बुक हो गए हैं। शादियां शुरू होने से तमाम लोगों को रोजगार मिलता है। अगले माह भी शादियां रहेगी। फरवरी माह में खरमास शुरू होने से शादियों में रुकावट आई थी।
नाजिम खां, मैरिज लॉन संचालक
लोगों ने खूब बुक किए फर्नीचर
-फर्नीचर व्यापारी अनवार खां बताते हैं कि शादियां शुरू होने से पहले ही लोगों ने दहेज में देने के लिए फर्नीचर को बुक कर लिया था। अपनी पसंद का ऑर्डर देकर फर्नीचर को तैयार कराया गया। कई ऑर्डर जून के लिए भी आए हैं। नवंबर माह में बरातें शुरू होने से लोग पहले ही फर्नीचर बनवाना शुरू कर देंगे।
कैश लेकर चलने से डर रहे खरीदार
नगर निकाय चुनाव को देखते हुए लोग कैश लेकर भी चलने से डर रहे हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा दो लाख रुपये तक लेकर चलने की गाइडलाइन जारी की गई। ऐसे में शादी-बरातों के लिए लोग अधिक कैश लेकर चलने से घबरा रहे हैं। बरातों वाले घरों में यह दिक्कतें सबसे अधिक आ रही हैं। हालांकि अधिकतर लोग कैश की बजाय ऑनलाइन पेमेंट पर जोर देते हैं।