शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: बरेली के बदमाशों ने लूटा था कारोबारी और प्रवक्ता की पत्नी को

Connect News 24

Bareilly's miscreants had robbed the wife of a businessman and a spokesperson.

पुलिस की गिरफ्त में लूट के आरोपी। संवाद

शाहजहांपुर। टाइल्स कारोबारी मृदुल कपूर और जीआईसी के प्रवक्ता राजीव अग्रवाल की पत्नी नमिता अग्रवाल को लूटने वाले बदमाश बरेली के थे। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को दोनों वारदात का खुलासा कर दिया।

छह सितंबर को मृदुल कपूर को सदर थाने के नजदीक से तमंचे के बल पर सोने की चेन व दो मोबाइल लूट लिए गए थे। दो दिन बाद ही बाइक सवारों ने आठ सितंबर को अजीजगंज पुलिस चौकी के पीछे आवास विकास कॉलोनी निवासी जीआईसी के प्रवक्ता राजीव अग्रवाल की पत्नी नमिता अग्रवाल के गले से सोने की चेन व लॉकेट खींच लिया था। जीआईसी प्रवक्ता की पत्नी की तहरीर को पुलिस दो दिन दबाए रही। दबाव बनाने के बाद केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। वहीं कपूर परिवार कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना का करीबी है। मंत्री ने भी पुलिस को जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे।

पुलिस लाइन में एसपी अशोक मीणा ने पत्रकारों को बताया कि नए ककरा पुल के आगे डैम की तरफ जाने वाले मार्ग पर मुठभेड़ के दौरान चार लोगों को दबोचा गया। उनकी पहचान बरेली जिले के रेहान उर्फ छंगा, सैयद मुशर्रफ उर्फ अमन अजमेरी, काशिफ अली निवासी मिर्धान थाना फरीदपुर व सिरोज निवासी ग्राम सेमलखेड़ा थाना बारादरी के रूप में हुई। पूछताछ में मुशर्रफ व सिरोज ने दोनों वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। दोनों के साथ काशिफ अली व रेहान भी लूटपाट करते थे। वे परिचित से रेसर बाइक मांगकर उसकी नंबर प्लेट बदल देते थे और फिर वारदात को अंजाम देने के बाद फिर से सही नंबर प्लेट लगाकर लौटा देते थे। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को 15 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button