Shahjahanpur News: भूसा ठेकेदार पर शराब तस्करी का आरोप लगाकर ले लिए रुपये
बंडा। ट्रॉली में भूसा भरने आए ठेकेदार पर शराब बेचने का आरोप लगाते हुए चार लोगों ने धमकाया। बाद में उससे छह हजार रुपये लेकर छोड़ दिया। ठेकेदार के मुताबिक, कार से आए चार लोग खुद को पुलिस वाला बता रहे थे। एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी में था।
लखीमपुर खीरी के थाना पसगवां के गांव महमदपुर ताजपुर निवासी बबलू ने बताया कि बुधवार को वह बंडा के गांव सिकंदरपुर निवासी अफलातून के यहां भूसा लेने ट्रॉली से आया था। जब वह भूसा भरवा रहा था तभी एक कार में चार लोग आए। उनमें एक आरोपी पुलिस की वर्दी में था। उन्होंने ठेकेदार बबलू को खींचकर कार में डाल लिया। कार में पिपिया में रखी शराब दिखाकर कहा कि वह शराब बेचता है। उसे जेल भेजा जाएगा। वे लोग कार को लेकर बंडा थाने की ओर चल दिए। थोड़ी दूरी पर कार रोककर उन लोगों ने उसके साथ मारपीट की। ठेकेदार ने अफलातून को मौके पर बुला लिया। बाद में उन लोगों ने बबलू से छह हजार रुपये लेकर उसे छोड़ दिया। सीओ पुवायां पंकज पंत ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि किसी सिपाही की भूमिका नजर आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद

