Pilibhit News: पहले से बिगड़ी सफाई व्यवस्था बारिश से हुई चौपट
पीलीभीत। बारिश ने शहर की सफाई व्यवस्था चौपट कर दी। डलावघरों और सड़कों से पहले ही कूड़ा समय से नहीं उठ पा रहा है। बुधवार को बारिश से दिनभर कूड़ा नहीं उठा। शहर में तमाम जगह कूड़े के ढेर लगे रहे। इन्हें छुट्टा पशु सड़कों पर छितराते नजर आए। हजारों रुपये खर्च कर नालों की सफाई करके निकाली गई सिल्ट बारिश से फिर नालों में समा गई।
टनकपुर हाईवे किनारे जहां पास में ही मंदिर भी है गंदगी का ढेेर लगा है। एक-दो जगह नहीं कई जगह यही हाल है। सफाई कर्मचारी नगर पालिका परिषद की साख पर बट्टा लगा रहे हैं। सड़कों से लेकर मुख्यमार्गों तक पर सफाई नहीं हो पा रही है। शहर के बीच से गुजर रहे टनकपुर मार्ग के किनारे ही कूड़ा डाला जा रहा है। कई-कई दिनों तक कूड़ा पड़ा रहता है। सफाई कर्मी उसे उठाते ही नहीं हैं।
पॉश कॉलोनियां भी इससे अछूती नहीं है। अशोक कॉलोनी में भी कई-कई दिनों तक कूड़ा नहीं उठता है। शहर के टनकपुर रोड, गांधी स्टेडियम रोड, डिग्री कॉलेज रोड, सनुगढ़ी चौराहा, यशवंतरी रोड आदि स्थानों पर कई जगह बुधवार को कूड़ा फैला रहा। इसे दोपहर तक नहीं उठाया गया। बरसात में उधर से निकलने वाले राहगीरों को काफी समस्या हुई।
वसूली का चल रहा अब भी खेल
शहर के वार्डों को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर इनकी जिम्मेदारी सफाई इंस्पेक्टर को दी गई है। शहर की साफ सफाई के नाम पर भी वसूली का खेल हुआ है। आउट सोर्सिंग पर सफाई कर्मचारी रखने में भी खुली मनमर्जी हुई। अब सफाई के नाम पर इनको महीने का भुगतान कर दिया जाता है। सप्ताह में एक-दो दिन ही ये कर्मचारी अपने क्षेत्र में जाते हैं। सफाई इंस्पेक्टर को सब पता रहता है, लेकिन सबकी मिलीभगत रहती है। कई जगह तो तैनाती किसी और की है और काम कोई और कर रहा है।
सिल्ट चली गई फिर नाले में
सफाई कर्मचारियों की लापरवाही से नाला सफाई पर खर्च की गई रकम भी बेकार चली गई है। शहर में नालों को साफ करने का अभियान चल रहा है। सफाई कर्मचारी नालों से निकालकर सिल्ट किनारे जमा कर देते हैं। सिल्ट तेज धूप की वजह से एक ही दिन में सूख जाती है। उसे दूसरे दिन उठाया जा सकता है, लेकिन कई-कई दिन तक सिल्ट नहीं उठाई जा रही है। मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक हुई बारिश से नालों किनारे पड़ी सिल्ट फिर से नालों में चली गई है।
इंसेट: फोटो: 7
मौर्य मार्केट के पास सड़क पर भरा पानी
टनकपुर हाईवे पर मौर्य मार्केट के पास से मोहल्ला बल्लभनगर जाने वाले मार्ग पर एक सप्ताह पूर्व पाइप लाइन लीकेज हो गई थी। पालिका ने इसे सही करने के लिए काम तो शुरू किया, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी काम पूरा नहीं हो सका है। इससे पानी सड़क पर भर रहा है। इससे पैदल जाने वाले राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को काफी लंबा घूम कर निकलना पड़ता है।
फोटो: 9
मंगलवार को ही नाले की सफाई की गई थी। इसके बाद देर रात हुई बारिश से निकाली गई गंदगी फिर से नाले में चली गई।
– अमर सिंह, दुकानदार, टनकपुर हाइवे।
फोटो: 10
नाले की सफाई न हो पाने के कारण यहां बैठना मुश्किल हो गया है। अब बारिश होने पर इसमें दुर्गंध उठती है। – सुरेश, दुकानदार, बापू छात्रावास के पास।
फोटो: 11
कूड़ा उठाने वाले कर्मचारी सही ढंग से कूड़ा उठान नहीं कर रहे हैं। दिनभर कूड़ा सड़कों पर फैला रहता है। – शावेद आलम, यशवंतरी रोड।

सुरेश।

सुरेश।

सुरेश।

सुरेश।

सुरेश।