Shahjahanpur News: तिलहर में बूथ पर कब्जे की कोशिश, दरोगा से भिड़े भाजपा प्रत्याशी के पति

तिलहर थाने पर घेराव के बीच सीओ प्रियांक जैन से बातचीत करते भाजपा कार्यकर्ता।संवाद
तिलहर। मतदान के अंतिम समय में बतलैया मतदान केंद्र पर हंगामा हो गया। अध्यक्ष पद की भाजपा प्रत्याशी के पति कमलेश गुप्ता ने दरोगा पर सपा के पक्ष में फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया तो बवाल हो गया। दरोगा की भाजपा समर्थकों से तीखी नोकझोंक हुई। बूथ पर कब्जे का प्रयास करने पर अधिकारियों ने मतदान केंद्र के दरवाजे बंद करा दिए। इस बीच करीब 15 मिनट मतदान बाधित रहा। आखिर में भाजपा समर्थकों ने थाना घेरकर विरोध जताया।
शाम करीब साढ़े पांच बजे बतलैया मतदान केंद्र पर भाजपा प्रत्याशी के पति कमलेश गुप्ता ने दरोगा पर सपा के पक्ष में फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच दरोगा और भाजपा समर्थकों में तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को तितर-बितर किया। घटना के दौरान बूथ पर कब्जे का प्रयास किया गया।
इस पर एसडीएम, सीओ सहित अन्य अधिकारियों ने मतदान कक्ष को बंद करा दिया। इस घटना से लगभग 15 मिनट तक मतदान बाधित रहा। इसके बाद आरोपी दरोगा को हटा कर थाने भेज दिया गया। मतदान समाप्त होने के बाद भाजपा प्रत्याशी के पति कमलेश गुप्ता उनके पुत्र मोहित और राहुल गुप्ता तमाम समर्थकों के साथ थाने का घेराव कर लिया। सीओ प्रियांक जैन ने कार्यकर्ताओं को समझाया। बाद में प्रत्याशी पति और समर्थकों को वित्त मंत्री सुरेश खन्ना से मिलकर समस्या का समाधान कराने की बात कही।
वर्जन
– बतलैया मतदान केंद्र पर मुरादाबाद से ड्यूटी पर आए एक दरोगा पर भाजपाइयों ने फर्जी मतदान का आरोप लगाया था। दरोगा को वहां से हटा दिया गया। अन्य स्थानों पर फर्जी मतदान की शिकायतें आने पर पुलिस ने पहुंचकर जांच की। – प्रियांक जैन, सीओ तिलहर