Shahjahanpur News: व्यर्थ के मुद्दों में उलझाकर जनता को गुमराह कर रही भाजपा

सपा की बैठक में बोलते पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार।
शाहजहांपुर। सपा के जिला कार्यालय पर हुई बैठक में पूर्व मंत्री व लोकसभा प्रभारी भगवत सरन गंगवार ने भाजपा पर हमला बोला। कहा, भाजपा व्यर्थ के मुद्दों में उलझाकर जनता को गुमराह कर रही है। जनता भाजपा की नीति और नीयत दोनों को अच्छे से जान गई है। लोकसभा
चुनाव में जनता हिसाब करेगी।
भगवत सरन मंगलवार को 135 नगर विधानसभा क्षेत्र के जोनल प्रभारियों, सेक्टर पर्यवेक्षकों, सेक्टर प्रभारियों और सेक्टर सह प्रभारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सेक्टर व बूथ प्रभारी पार्टी की रीढ़ होते हैं। जितनी ईमानदारी से सही बूथ कमेटियों का गठन होगा, उतनी ही अच्छी सफलता पार्टी को मिलेगी। गंगवार ने कहा कि भाजपा की स्थिति दिन-ब-दिन खराब हो रही है। भाजपा सरकार से हर आदमी त्रस्त है।
जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि घर-घर जाकर पूरी निष्ठा व ईमानदारी के दस दिन के अंदर बूथ प्रभारी व बूथ कमेटियों का गठन कर लें। इस मौके पर रणंजय सिंह यादव, कमल किशोर कठेरिया,राजेश कश्यप, सैयद रिजवान अहमद,डॉ.नवनीत यादव,अतीउल्ला सिद्दीकी,रामकुमार भोजवाल, संजीव वर्मा, विजय सिंह ने भी विचार रखे।