Shahjahanpur News: ओवरहेड टैंक पर चढ़कर प्रदर्शन करने पर भाजपा नेता को मिला नोटिस
तिलहर। नाला निर्माण विवाद के मामले में ओवरहेड टैंक पर चढ़कर प्रदर्शन करने वालीं भाजपा महिला किसान मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष आरती सिंह एवं उनकी सहयोगी रीना को एसडीएम ने कानून और शांति व्यवस्था भंग होने के मामले में नोटिस दिया है। तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है।
गांव मौजमपुर में तालाब के पानी के निकास को लेकर प्रशासन ने 21 अक्तूबर को नाला निर्माण शुरू कराया था। नाला निर्माण का विरोध करते हुए आरती सिंह और उनकी सहयोगी रीना जलकल परिसर में ईओ कल्पना शर्मा आवास के समीप बनी पानी की टंकी पर चढ़ गईं थीं। अधिकारियों द्वारा नाला निर्माण बंद करने के आश्वासन पर करीब साढ़े चार घंटे बाद दोनों लोग नीचे उतरे थे।
मामले में एसडीएम अंजलि गंगवार ने आरती सिंह और उनकी सहयोगी रीना को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस जारी होने के बाद भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री चंद्रकांता त्रिवेदी ने अपने साथियों के साथ पुलिस प्रशासन से नाराजगी जताते हुए नोटिस वापस लेने की मांग है। संवाद

