Shahjahanpur News: निकाय अध्यक्षों ने ली पद और गोपनीयता की शपथ, विकास कराने का किया वादा
शाहजहांपुर। तीन नगर पालिका और सात नगर पंचायत अध्यक्षों ने भी शुक्रवार को शपथ लेकर क्षेत्र के विकास का दावा किया। इस दौरान सभासदों और सदस्यों को भी शपथ दिलाई गई। अल्हागंज नगर पंचायत में अध्यक्ष और सदस्य शनिवार को शपथ लेंगे।
संजय गुप्ता ने ली शपथ, कूड़े का निस्तारण कराना प्राथमिकता
पुवायां। नगर पालिका परिषद के लगातर तीसरी बार अध्यक्ष चुने गए संजय गुप्ता ने शुक्रवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। एसडीएम हिमांशु उपाध्याय ने उन्हें शपथ दिलाई। वह दो बार निर्दलीय और इस बार भाजपा के टिकट से चुनाव जीते हैं। उनके साथ सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण की। संजय गुप्ता ने कहा कि कूड़ा निस्तारण प्लांट चालू कराना, स्वच्छ पेयजल मुहैया कराना उनकी प्राथमिकताओं में है। नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो सके। इससे पूर्व संजय गुप्ता ने कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, जेपीएस राठौर, इफको के उपाध्यक्ष बलवीर सिंह, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, विधायक चेतराम का स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, विपिन अग्रवाल, विनायक अग्रवाल, अजय प्रताप सिंह यादव सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण में शकील बोले- सफाई और बिजली कराएंगे बेहतर
जलालाबाद। नगर पालिका परिषद प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम अंजलि गंगवार ने नवनिर्वाचित चेयरमैन शकील अहमद व 25 वार्ड सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शकील अहमद ने कहा कि नगर में बेहतर सफाई, बिजली सप्लाई व्यवस्था तथा घर-घर पानी पहुंचाने का काम प्राथमिकता के आधार पर होंगे। सीओ अजय राय, तहसीलदार पैगाम हैदर, ईओ डीएस वर्मा आदि मौजूद रहे। शपथ ग्रहण में सपा के तमाम नेता नदारद रहे। वहीं शकील अहमद ने शपथ ग्रहण के बाद भगवान परशुराम मंदिर पहुंचकर प्रसाद चढ़ाया। इसके बाद रामताल रोड स्थित शहीद अहमद यार खां की मजार पर भी गए।
हाजरा बेगम ने दूसरी बार ली शपथ, पेयजल पर दिया जोर
तिलहर। नगर पालिका की नवनिर्वाचित चेयरमैन हाजरा बेगम और सभासदों को एसडीएम दीपशिखा सिंह ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। चेयरमैन हाजरा बेगम ने सभी मतदाताओं का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि नगर के अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने के साथ ही पेयजल योजना का पुनर्गठन किया जाएगा। समाज के सभी वर्ग के लोगों को साथ लेकर विकास कार्य कराए जाएंगे। इस अवसर पर हाजरा बेगम के पति पूर्व चेयरमैन इमरान खान ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा, सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां, प्रदेश सचिव सैयद रिजवान, महासचिव रणंजय सिंह, उपेंद्र पाल सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद
खुटार में मैना देवी ने सदस्यों के साथ ग्रहण की शपथ
खुटार। नगर पंचायत अध्यक्ष मैना देवी को एसडीएम हिमांशु उपाध्याय ने पद और गोपनियता की शपथ दिलाई। इस दौरान 12 सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण के बाद मैना देवी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता नगर में साफ सफाई और स्वच्छ पेयजल सप्लाई की रहेगी। इसके अलावा वार्डों में संपर्क मार्ग सहित जरूरी कामों पर ज्यादा फोकस किया जाएगा। शपथ ग्रहण के दौरान तहसील बार एसोसिएशन अध्यक्ष जयशंकर अवस्थी, विनय मिश्रा, रवि सिंह, बाबूराम सहित तमाम लोग मौजूद रहे। संवाद
कलान में हरिनारायण ने ली शपथ, विकास का किया दावा
कलान। कलान नगर पंचायत के पहले चेयरमैन के रूप में हरिनारायण गुप्ता और 13 सदस्यों को एसडीएम दशरथ कुमार ने शुक्रवार को शपथ दिलाई। इस मौके पर हरिनारायण ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं से वह भलीभांति परिचित हैं। क्षेत्र की हर समस्या का निदान कराया जाएगा। जल्द से जल्द लोगों को बदलाव दिखेगा। साफ-सफाई, नाली, सड़क निर्माण कराया जाएगा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, विधायक हरिप्रकाश वर्मा, एमएलसी सुधीर गुप्ता, जिला महामंत्री रमाकांत मिश्रा, अल्हागंज पूर्व चेयरमैन अनिल गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख राम गोपाल वर्मा, गेंदनलाल गुप्ता, एलडीबी के अध्यक्ष विनोद गुप्ता, रामनिवास गुप्ता, मोहित मिश्रा आदि मौजूद रहे। संवाद
एसडीएम ने दिलाई मुनारा बेगम को शपथ, साफ-सफाई रहेगी प्राथमिकता
कांट। कांट नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुनारा बेगम तथा 14 सभासदों को कांट-मदनापुर रोड पर स्थित जूनियर हाईस्कूल में एसडीएम सदर सतीश चंद्र ने शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि के रूप में ददरौल के विधायक मानवेंद्र सिंह मौजूद रहे। मुनारा बेगम ने कहा कि कस्बे में साफ-सफाई व्यवस्था का दुरस्त करना उनकी प्राथमिकता होगी। इस मौके पर उनके बेटे पूर्व चेयरमैन रईस मियां, पूर्व विधायक अवधेश वर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, तनवीर सफदर, धर्मेंद्र दीक्षित आदि मौजूद रहे। संवाद
बंडा। नगर पंचायत बंडा के प्रथम अध्यक्ष मोहम्मद इशहाक उर्फ बड़े लल्ला को शुक्रवार दोपहर खुटार रोड पर स्थित शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज में एसडीएम हिमांशु उपाध्याय ने शपथ दिलाई। इस दौरान 15 वार्डों के सदस्यों ने भी शपथ ली। कॉलेज के प्रबंधक सरदार कृपाल सिंह ने अध्यक्ष को पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। मोहम्मद इशहाक ने कहा कि वह जनता के बीच पहुंचकर सभी समस्याओं का समय से निस्तारण कराएंगे। नाली, पेयजल, सफाई व्यवस्था जल्द से जल्द बेहतर करेंगे। इस दौरान मोहन मित्तल, जसपाल मल्होत्रा, अमृतपाल सिंह, हाजी नत्थू बक्श, रोजे हसन, राजेश मिश्रा, सुमित मिश्रा, अमित शर्मा, हारून अंसारी सहित तमाम लोग मौजूद रहे ।
निगोही। निगोही नगर पंचायत के पहले अध्यक्ष के रूप में मनोज वर्मा को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट कपिल देव ने शपथ दिलाई। उनके साथ सदस्यों ने भी शपथ ली। अध्यक्ष मनोज वर्मा ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास कराना उनका लक्ष्य है। पेयजल व्यवस्था, सफाई, आवागमन के लिए मार्ग, नाली निर्माण वरीयता के आधार पर कराए जाएंगे। इन कामों को जल्द से जल्द कराने का प्रयास रहेेगा। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां, अजफर अली उर्फ गुड्डू, डॉ. नवनीत सिंह यादव, ओमकार सिंह यादव, जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्रपाल सिंह, उपेंद्रपाल सिंह, हरिश्चंद्र त्रिपाठी, गुड्डू मिश्रा, सुरेश वर्मा आदि मौजूद रहे।
सुधा ने शपथ के साथ जनता को दिया विकास का आश्वासन
खुदागंज। आदर्श नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुधा सुधीर सिंह एवं सभासदों को जिला परिषद इंटर कॉलेज में एसडीएम दीपशिखा ने पद की शपथ दिलाई। सुधा सिंह ने कहा कि वह विकास कार्यों की गति को तेज करेंगी। सरकारी योजनाओं का लाभ सभी लोगों को बिना भेदभाव के उपलब्ध कराया जाएगा। सांसद मिथिलेश कुमार, पूर्व चेयरमैन सुधीर सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष रोहित सिंह, जिवेंद्र गुप्ता, शिवशंकर त्रिपाठी, अरुण मिश्रा, शाहनवाज अली, विश्वमोहन बंसल, पवन सिंह आदि मौजूद रहे।
मुख्तियार अहमद ने ली शपथ, गिनाईं प्राथमिकताएं
मीरानपुर कटरा। कटरा नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुख्तियार अहमद को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सुप्रिया गुप्ता ने शपथ दिलाई। उनके साथ वार्डों के जीते हुए सदस्यों ने शपथ ली। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि वह क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं रखेंगे। सफाई, पथ प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति को दुरस्त करना उनकी प्राथमिकता में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि लोगों की मदद के लिए वह हर समय हाजिर रहेंगे।

पुवायां में चेयरमैन संजय गुप्ता को शपथ दिलाते एसडीएम। संवाद

पुवायां में चेयरमैन संजय गुप्ता को शपथ दिलाते एसडीएम। संवाद

पुवायां में चेयरमैन संजय गुप्ता को शपथ दिलाते एसडीएम। संवाद

पुवायां में चेयरमैन संजय गुप्ता को शपथ दिलाते एसडीएम। संवाद

पुवायां में चेयरमैन संजय गुप्ता को शपथ दिलाते एसडीएम। संवाद