Shahjahanpur News: बुखार से भाई-बहन की मौत, कई बीमार
शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव गौरीकलां निवासी सत्यपाल की बेटी रागिनी (8) व बेटे शेखर (4) की बुखार से मौत हो गई। बुधवार सुबह परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे थे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रागिनी कक्षा चार की छात्रा थी और शेखर कक्षा दो में पढ़ता था। दोनों को कई दिन से बुखार आ रहा था। परिजन ने गांव के झोलाछाप को दिखाया। फायदा नहीं होने पर अन्य डॉक्टरों को दिखाया लेकिन आराम नहीं मिला। बुधवार सुबह परिजन गंभीर हालात में दोनों बच्चों को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां पर डॉक्टर ने बच्चों को मृत घोषित कर दिया। गांव में कई अन्य लोगों के बीमार होने की भी सूचना है। सीएमओ डॉ.आरके गौतम ने बताया कि बच्चों की मौत की सूचना मिली है। बृहस्पतिवार को गांव में टीम भेजी जाएगी। संवाद