Shahjahanpur News: नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर महिलाओं ने घेरी ईओ की कार

नगर पालिका गेट के बाहर ईओ की कार को आगे घेरकर खडी हुई महिलाएं
जलभराव से मकानों में पानी भरने पर जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
तिलहर। आंबेडकर गांव मौजमपुर में तालाब का गंदा पानी मकानों में भरने से नाराज महिलाएं नगर पालिका कार्यालय पहुंचीं। पालिका ईओ से सड़क की खोदाई करवाकर जल निकासी की मांग की। इस दौरान ब्लॉक और पालिका जेई ने पहले नाप कराने की बात कही, जिस पर महिलाएं भड़क गईं। उन्होंने ईओ की कार को घेर लिया। सड़क खोदाई के लिए जेसीबी भेजने के निर्देश दिए जाने पर शांत हुईं।
आंबेडकर गांव मौजपुर में तालाब के ओवरफ्लो से जलभराव की समस्या को लेकर लोग कई दिनों से आंदोलन पर हैं। एसडीएम के निर्देश पर ग्राम प्रधान की देखरेख में नाली बनाने के लिए सड़क की खोदाई की गई। इस बीच बारिश शुरू होने के कारण सड़क में जलभराव होने से कई घरों में पानी भर गया।
इससे घरों में खाना बनाने और शौच जाने की भी दिक्कत हो गई। इससे नाराज महिलाएं बच्चों के साथ बृहस्पतिवार को नगर पालिका पहुंचीं और नाराजगी जताई। नगर पालिका ईओ कल्पना शर्मा को देखते ही महिलाओं ने उन्हें घेर लिया तथा पानी के निकास को लेकर सड़क की खोदाई की मांग की।
ईओ ने बताया कि एसडीएम के निर्देशानुसार पहले तिलहर पालिका और ब्लॉक के जेई मिलकर पानी के निकास को लेकर पैमाइश करेंगे। इसके बाद आगे काम शुरू किया जाएगा। इस बात पर पीड़ित महिलाईं भड़क गईं। ईओ को कटरा में बोर्ड बैठक में शामिल होने जाना था। वह गेट के बाहर खड़ी गाड़ी में जाकर बैठ गईं। तभी कुछ महिलाएं कार के आगे खड़ी हो गईं।
नाराजगी देखते हुए पालिका कर्मी वारिस ने किसी तरह नाराज ग्रामीणों से बातचीत करते हुए समस्या को तत्काल दूर करने का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया। बाद में ईओ कल्पना शर्मा ने पालिका कर्मचारियों को सड़क खोदाई के लिए जेसीबी भेजने के निर्देश दिए। बाद में पुलिस की निगरानी में जेसीबी भेजकर सड़क की खोदाई शुरू कराई गई।

