Shahjahanpur News: जमीन के विवाद में भाई-भतीजों ने कुल्हाड़ी से काट डाला

जलालाबाद पुलिस गिरफ्त में हत्यारोपी पिताल-पुत्र
जलालाबाद। गांव सीकमपुर में शनिवार रात जमीन हड़पने के लिए सोने सिंह (45) की उसके बड़े भाई पप्पू ने अपने बेटों के साथ मिलकर सोते समय कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। आरोपी हत्या के बाद शव को सौतेले भाई के दरवाजे के सामने डालकर गंगा नहाने फर्रुखाबाद चले गए। पुलिस ने हत्यारे पिता-पुत्रों को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव के शेर सिंह के चार बेटों के घर आसपास ही हैं। सबसे छोटा बेटा सोने सिंह अविवाहित होने की वजह से अकेला रहता था। शनिवार रात सोने सिंह घर के अंदर आंगन में चारपाई पर सो रहा था। आधी रात में बड़ा भाई पप्पू, अपने बेटे प्रमोद व विनोद के साथ सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़ गया और जीने से नीचे आ गया। हमलावरों ने उसे चारपाई पर ही दबोचकर चेहरे और गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। हत्या का आरोप सौतेले भाई कमलेश पर लगाने के लिए शव उसके दरवाजे के सामने डाल दिया।
मृतक के पिता शेर सिंह के अनुसार, पप्पू की पत्नी निर्मला ने हत्या के बाद डायल 112 पर कॉल कर दी। उसने शेर सिंह व कमलेश द्वारा हत्या की सूचना दी। पुलिस ने शेर सिंह से पूछताछ की। इसके बाद सोने सिंह व कमलेश के घर के बीच खून के निशान मिले। एसपी देहात संजीव वाजपेयी ने बताया कि पैतृक जमीन को लेकर अनबन के चलते हत्या की गई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आधा बीघा जमीन को लेकर
बहा दिया छोटे भाई का खून
जलालाबाद। सीकमपुर गांव निवासी सोने सिंह की जमीन को उसका भाई पप्पू कब्जा करना चाहते थे। पप्पू ने उसकी दो बीघा जमीन को जबरन जोत लिया था। पिता शेर सिंह ने बताया कि सोने सिंह ने छह हजार रुपये लेखपाल को देकर जमीन की नाप कराई थी। नपाई के बाद दोनाें की जमीन बराबर कर मेड़ बांध कर दी गई थी, लेकिन पप्पू ने इसे नहीं माना। उसी आधा बीघा जमीन को लेकर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया।
मृतक के पिता शेर सिंह और उनके बड़े भाई सूरत सिंह के पास 20-20 बीघे जमीन हिस्से में थी। अविवाहित सूरत सिंह की मौत के बाद उसके हिस्से की जमीन शेर सिंह ने अपने चारों बेटों में बांट दी। उसने अपने हिस्से की 20 बीघा जमीन में से दस बीघे की वसीयत सौतेले बेटे कमलेश व दस बीघे की सोने के नाम कर दी। शेर सिंह अपनी पत्नी सहित बेटे कमलेश के साथ रहता था। सोने सिंह अविवाहित था। पप्पू उसके हिस्से की पंद्रह बीघा जमीन हड़पने के प्रयास में था।
बताते हैं कि सोने सिंह के खेत का काफी हिस्सा अपने में मिला लेने पर 15 दिन पहले पप्पू से उसका झगड़ा भी हुआ था। इसके बाद पप्पू ने भाई सोने सिंह की हत्या कर उसका आरोप दूसरे भाई कमलेश पर लगवाकर उसे जेल भिजवाने का प्लान तैयार किया था, ताकि जमीन पर आसानी से कब्जा किया जा सके। संवाद
गंगा नहाकर लौट रहे हत्यारों को पुलिस ने धर दबोचा
हत्यारे पिता-पुत्र वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से रात में ही फर्रुखाबाद जिले के घटियाघाट स्थित पांचाल घाट पहुंचे। जहां तीनों ने स्नान किया। इधर, पुलिस की जांच पड़ताल में सोने की हत्या करने का शक पिता-पुत्रों पर गहराने के बाद उनके घर की तलाशी ली गई। तीनों को अल्हागंज क्षेत्र के हुल्लापुर चौराहे पर पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पक्ष की एक महिला ने पुलिस को सूचना देकर महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखे जाने पर सोने सिंह की हत्या की सूचना दी थी।

जलालाबाद पुलिस गिरफ्त में हत्यारोपी पिताल-पुत्र

जलालाबाद पुलिस गिरफ्त में हत्यारोपी पिताल-पुत्र

जलालाबाद पुलिस गिरफ्त में हत्यारोपी पिताल-पुत्र