Shahjahanpur News: ट्रॉली के पहिये से दबकर कांवड़िये की मौत

शाहजहांपुर में परिजनों के हंगामे के बाद तैनात पुलिस
शाहजहांपुर। तिलहर थाना क्षेत्र के गांव शाहबेगपुर निवासी महेंद्र (40) की ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिये से दबकर मौत हो गई। वह कांवड़ लेकर गोला गोकर्णनाथ जा रहा था। मृतक की साली कविता ने पोस्टमार्टम हाउस पर गांव के प्रधान पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने प्रधान सुरेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव के प्रधान सुरेंद्र सिंह के ट्रैक्टर पर कांवड़ियों का जत्था फर्रुखाबाद जल लेने गया था। ट्रैक्टर में दो ट्रॉलियां जुड़ीं थीं। कांवड़िये फर्रुखाबाद से गंगाजल लेकर गोला गोकर्णनाथ के लिए रवाना हुए थे। रविवार सुबह अल्हागंज में बरेली-फर्रुखाबाद मार्ग पर घटौली गांव के पास ट्रॉली पर चढ़ते समय पैर फिसलने से महेंद्र वर्मा की ट्रॉली के पहिये के नीचे आकर घायल हो गया। उसे सीएचसी भेजा गया। जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर मृतक के परिजन भी पहुंच गए। महेंद्र की साली कविता राजपूत ने प्रधान सुरेंद्र सिंह पर साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया। उसकी प्रधान से जमकर नोकझोंक हुई। कविता ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को नहीं दी गई। पंचनामे में उनके परिवार का कोई सदस्य शामिल नहीं था। महेंद्र के घायल होने पर साथ में बेटा आशीष भी अस्पताल पहुंचा। उसे भी भगा दिया।
हंगामा होने पर तहसीलदार व नायब तहसीलदार ने पहुंचकर समझाने का प्रयास किया। पुलिस व पीएसी भी तैनात कर दी गई। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। एसपी देहात संजीव वाजपेयी ने बताया कि ट्रॉली से गिरकर कांवड़िये की मौत के मामले में प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान के साथ ही रहता था महेंद्र
महेंद्र की प्रधान सुरेंद्र से काफी नजदीकियां थीं। महेंद्र ही उनका कामकाज देखता था। कांवड़ लेकर जाने के दौरान महेंद्र भी उनके साथ गया था। हादसे के बाद मृतक की पत्नी किरन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हुल्लापुर चौराहे पर ट्रॉलियों की इंट्री के दौरान महेंद्र उतरा था। चढ़ने पर गिरने से मौत हुई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मृतक का भाई और बेटा भी मौजूद था। उसके ऊपर लगे सारे आरोप निराधार हैं।
– सुरेंद्र, ग्राम प्रधान

शाहजहांपुर में परिजनों के हंगामे के बाद तैनात पुलिस