Shahjahanpur News: हत्यारोपियों के घरों पर चले बुल्डोजर

शाहजहांपुर में मृतक रियासत के रोते बिलखते परिजन
शाहजहांपुर। मोहल्ला बिजलीपुरा निवासी रियासत की हत्या के तीन दिन बाद दो आरोपियों की ही गिरफ्तारी हो सकी है। मृतक की बेटी ने सवाल खड़ा करते हुए रोजा थाने के एक सिपाही पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने सीएम योगी आदित्यनाथ व वित्त मंत्री सुरेश खन्ना से गुहार लगाते हुए आरोपियों के घरों पर बुल्डोजर चलवाने की मांग की है।
बृहस्पतिवार की रात जमीन और रुपयों के विवाद को लेकर ममेरे भाइयों ने रियासत की रोजा थाना क्षेत्र के रेती रोड पर पीटकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई अजीम की तहरीर पर 10 नामजद पर एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने मुख्य आराेपी फैजान समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
शनिवार को रियासत की मौत के बाद तीजे में परिवार व रिश्तेदार जुटे थे। इस बीच मृतक की बेटी ने रोजा थाने के सिपाही पर सांठगांठ का आरोप लगाया। बेटी ने पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्टि जताते हुए कहा कि जिन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है। वह मकान की रेकी कर रहे हैं। उनके परिवार को जान का खतरा बना है। सीएम व वित्त मंत्री से हत्या के आरोपियों के घरों पर बुल्डोजर चलवाने की मांग की। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।