Shahjahanpur News: धोखाधड़ी के आरोपी सराफा व्यापारी को भेजा जेल
शाहजहांपुर। सदर के सराफा व्यापारी धीरज वर्मा को धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। धीरज को रुपया देने वाले लगातार सामने आ रहे हैं। पुलिस के पास अब तक 17 तहरीरें पहुंच चुकी हैं।
सदर के गन हाउस स्वामी राजेश मोहन अग्निहोत्री ने 21 मई को 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में सराफा व्यापारी धीरज वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद धीरज अपनी दुकान व मकान में ताला डालकर फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। कई जगह पर दबिश देने के बाद सदर पुलिस ने धीरज वर्मा को गोविंदगंज पुल के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की गई।
सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इसी क्रम में मोहल्ला कटिया टोला निवासी राजीव कमरा ने धीरज वर्मा के खिलाफ तहरीर दी। आरोप है कि धीरज वर्मा व उनकी पत्नी शिल्पी वर्मा ने सोने के आभूषणों के कारोबार में बढ़ोत्तरी के लिए मुनाफे में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी की बात कहकर 25 लाख रुपये लिए थे। कुछ समय के बाद धीरज ने रुपया देना बंद किया तो उसने रुपये मांगे। जिस पर धीरज ने 25 लाख कीमत के तीन चेक दिए, जो डिसऑनर हो गए।
इसी तरह आरसी मिशन थाना क्षेत्र के आशुतोष वर्मा ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि उसने धीरज वर्मा को कारोबार के लिए 15 लाख चार हजार रुपये उधार दिए लिए थे। उन्हें भी 20 प्रतिशत कमीशन देने की बात कही थी। लेकिन, बाद में रुपया देना बंद कर दिया। पुलिस के अनुसार, अभी तक धीरज के खिलाफ करीब 17 तहरीरें प्राप्त हो चुकी हैं। सदर इंस्पेक्टर आरपी सिंह ने बताया कि जितनी तहरीरें आईं हैं, सभी को विवेचना में शामिल किया जाएगा।