Shahjahanpur News: पंजाब से नेपाल जा रही यात्रियों से भरी बस पलटी, कई यात्री घायल

निगोही में ब्लॉक कार्यालय के सामने पलटी बस
0 निगोही में ब्लॉक के सामने मंगलवार रात डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई बस
0 हादसे के बाद मची चीख-पुकार, दो की हालात गंभीर, राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। निगोही में ब्लॉक कार्यालय के सामने मंगलवार रात डिवाइडर पर चढ़ने से बस पलट गई। हादसे में कई यात्री घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। तिलहर की विधायक सलोना कुशवाहा ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से वार्ता कर उपचार की व्यवस्था कराई।
नेपाल के रहने वाले करीब 50 लोगों को बस में लेकर चालक सुक्खाराम चंडीगढ़ से नेपाल सीमा तक जा रहे थे। रात 2:37 पर निगोही ब्लाॅक के सामने से ट्रक की लाइट चालक सुक्खाराम की आंखों पर पड़ी। कुछ क्षण दिखाई नहीं देने के चलते बस डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। तेज आवाज सुनकर पास में रहने वाले साहित्य मौर्य बाहर निकल आए।
उन्होंने यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी। बारिश के बावजूद विधायक सलोना कुशवाहा मौके पर पहुंच गईं और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। यहां से लाईनावां (55) और अर्नव (18) की हालत गंभीर देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हादसे में लईनावा, अर्नव, लक्ष्मी थापा, सीता थपलियाल, मुकेश, सपना गौतम समेत करीब 12 यात्री घायल हुए हैं।
–
सूचक यंत्र नहीं होने से आए दिन होते हैं हादसे
डिवाइडर पर कोई सूचक यंत्र नहीं होने के कारण यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी इन हादसों को रोकने के लिए कोई भी उपाय नहीं कर रहे हैं।
–
नेपाल पुलिस की एसआई की चेन गायब
बस में यात्रा करने वाले कुछ यात्रियों के पर्स और सामान भी लापता हो गया। नेपाल पुलिस की उप निरीक्षक सीता पांडियाल ने बताया कि उनकी गले में पड़ी एक तोला सोने की चेन गायब है। टंक बहादुर ने बताया कि उनका पर्स भी नहीं मिला। इसमें 12500 रुपये, डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड रखा था।
–
हादसे की सूचना पर अवर अभियंता और सहायक अभियंता को मौके पर भेजा गया है। उनसे एस्टीमेट बनवाकर रिफ्लेक्टर और बोर्ड लगवाए जाएंगे।
– शशांक भार्गव, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग बरेली

निगोही में ब्लॉक कार्यालय के सामने पलटी बस

निगोही में ब्लॉक कार्यालय के सामने पलटी बस

निगोही में ब्लॉक कार्यालय के सामने पलटी बस