शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: तांत्रिक समेत मां-बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Connect News 24

भावलखेड़ा। दो माह से लापता थाना आरसी मिशन क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का कंकाल लखीमपुर जिले के मियांपुर के जंगल में गोमती नदी के किनारे मिलने के मामले में पुलिस ने तांत्रिक समेत मां-बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पूरे मामले का खुलासा मंगलवार को हो सकता है।

युवती के भाई की तहरीर पर रामचंद्र मिशन थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। भाई ने पुलिस को बताया कि 18 अप्रैल को 28 वर्षीय बहन राजकीय मेडिकल कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। कई दिन तलाशने के बाद उसका कोई सुराग नहीं लगा। 26 अप्रैल को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

रविवार को उसका कंकाल जनपद लखीमपुर के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के गांव मियांपुर में गोमती नदी के किनारे जंगल में बरामद हुआ था। कपड़ों से उसकी शिनाख्त की गई। पीड़ित ने बताया कि थाना पुवायां क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने उसकी बहन को प्रेमजाल में फंसा लिया था। वह उससे शादी करना चाहती थी। परिवार वाले इसके लिए राजी नहीं थे। तब मां और बेटी ने उसकी बहन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। दोनों बहाने से उसे मोहम्मदी ले गईं। उन्होंने झांसा दिया कि मोहम्मदी में एक तांत्रिक है, जो तंत्र-मंत्र करके उसे युवक बना देगा। तांत्रिक रामनिवास निवासी पूर्वी लखपेड़ा थाना मोहम्मदी जनपद लखीमपुर खीरी, मां-बेटी उसे मियांपुर के जंगल में ले गए। जहां उसकी हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया। एफआईआर दर्ज होने के बाद थाना रामचंद्र मिशन पुलिस ने लखीमपुर खीरी पहुंचकर घटनास्थल का मौका मुआयना किया है। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं।

मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। तांत्रिक समेत तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

– एस.आनंद, एसपी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button