Shahjahanpur News: असली गहने समझकर नकली चुरा लिए, तीन किशोर पकड़े
पुवायां। बरात में शामिल होने आई महिला के पर्स से तीन किशोरवय चोरों ने आर्टीफिशियल गहने और एक मोबाइल चुरा लिया। शक होने पर तीनों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया। किशोरों के पास से चोरी गया सभी सामान बरामद हो गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव पुरेना निवासी कन्हैयालाल की पत्नी विमला देवी ने बताया कि उनके नाती की 18 जून को शादी थी। बरात पुवायां के गांधी पार्क में आनी थी। 19 जून की सुबह चार बजे फेरे पड़ने के समय उन्होंने पास में अपना पर्स रख दिया और किसी काम से चली गईं। लौटीं तो पर्स में रखे तीन जोड़ी आर्टीफिशियल बिछिया आदि और एक मोबाइल गायब मिला। शक होने पर पार्क में मौजूद तीनों किशारों को उन्होंने पकड़ा तो उनके पास से मोबाइल और नकली जेवर बरामद हो गए।
बरातियों ने किशोरों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वे चोरी की नीयत से बरात में आए थे। मौका पाकर असली समझकर आर्टीफिशियल गहने और मोबाइल चोरी कर लिया। पकड़े गए आरोपी 14 से 17 वर्ष के हैं। दो आरोपी कस्बे के और एक पास के गांव का है। इसके बाद बरात में शामिल लोग तीनों किशोरों को थाने ले गए। विमला देवी की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को किशोर न्यायालय बरेली ले जाया गया है।