Shahjahanpur News: निगम के ठेकेदारों ने मांगा पुराने बिलों का भुगतान

नगर निगम कार्यालय में महापौर अर्चना वर्मा को ज्ञापन सौंपते ठेकेदार
शाहजहांपुर। नगर निगम के ठेकेदारों ने बिलों के भुगतान और अन्य समस्याओं से संबंधित ज्ञापन महापौर अर्चना वर्मा को सौंपा। इस दौरान टेंडर बहिष्कार की चेतावनी दी गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि नगर निगम के ठेकेदारों के पुराने बिल एवं जीएसटी का भुगतान नहीं किया जा रहा है। राज्य वित्त में किए गए पुराने कार्यों का भुगतान वर्षों से बाकी है। कार्यों को पूरा करवाने के बावजूद बिल तैयार नहीं किए गए। नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा मनमाने ढंग से बिल भुगतान में कटौती की जा रही है। ठेकेदारों का कहना है कि निगम से जीएसटी का भुगतान नए शासनादेश के अनुसार नहीं किया जा रहा है। मांग की कि बाकी की छह प्रतिशत जीएसटी का भुगतान कराया जाए। निगम द्वारा कुछ ठेकेदारों की जमानत धनराशि समय से पूर्व अवमुक्त कर दी गई, जबकि सभी ठेकेदारों की जमानत धनराशि कई वर्ष बाद भी अवमुक्त नहीं की जा रही है।
उन्होंने ज्ञापन में कहा है कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता तब तक ठेकेदारों द्वारा निविदाओं का बहिष्कार किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में आनंद देव मिश्रा, सुभाष चंद्र, शैलेंद्र कुमार, मोहम्मद अतीक, नेहाल अहमद, निजाम खान, राशिद महमूद, प्रमोद मिश्रा, अजीमुद्दीन खां, हर्षित सक्सेना आदि शामिल रहे।