Shahjahanpur News: कर्ज से परेशान होकर चाट विक्रेता ने दी जान

शाहजहांपुर में पोस्टमार्टम हाउस पर घटना की जानकारी देते मृतक के भाई अक्षय कुमार। संवाद
रामनगर गांव के दक्षिण में बोरिंग के लिए खोदे गए गड्ढे में लटका मिला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर/अल्हागंज। अल्हागंज थाना क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी अनिल कुमार (42) ने गांव के बाहर बोरिंग के लिए खोदे गए गड्ढे में चारपाई की निवाड़ का फंदा गले में डालकर जान दे दी। वह आर्थिक तंगी से जूझने के साथ ही कर्ज से भी परेशान था।
अनिल कुमार ने अपनी तीन बीघा जमीन को गिरवी डाल रखा था। भूमि नहीं होने के चलते वह चाट का ठेला लगाता था। मंगलवार को उसने गांव के किनारे ठेला लगाकर बच्चे को बैठा दिया। करीब आठ बजे वह गांव के बाहर खेत में पहुंचा। बोरिंग के लिए खोदे गए गड्ढे के पास इंजन के पंखे में चारपाई की निवाड़ को डालकर फंदे से लटक गया।
सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। पुलिस ने लोगों से पूछताछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई अक्षय कुमार ने बताया कि अनिल काफी ज्यादा परेशान था। उसकी जमीन गिरवी पड़ी थी और बैंक ऑफ बड़ौदा इस्लामगंज शाखा से 50 हजार रुपये का लोन भी ले रखा था। कर्जदार होने के चलते उसने आत्महत्या की है।
–
चार साल पहले हो चुकी पत्नी की मौत
अनिल की पत्नी झन्ना देवी की मौत करीब चार साल पहले बीमारी के चलते हो चुकी है। उसके तीन बेटे अनिवेश, अभिषेक और पुष्पेंद्र व बेटी रेनू हैं। उसकी मौत से परिवार के लोग गमजदा हैं।