Shahjahanpur News: देश की तरक्की के लिए देश को भ्रष्टाचार से मुक्त करना होगा

सभा को संबोधित करते भारत परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रभूषण पांडेय। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। भारत परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा पूर्व न्यायाधीश चंद्रभूषण पांडेय ने कहा कि खुशहाली और तरक्की के लिए हमें देश को भ्रष्टाचार से मुक्त कराना होगा।
वह क्षेत्र के गांव गुनारा में संगठन के 32वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश मे असमानता की खाई को पाटना होगा। बोले, देश में भ्रष्टाचार, जातिवाद और गरीबी तीन प्रमुख समस्याएं हैं। इनसे निजात पाने के लिए हमें एकजुटता से कार्य करना होगा।
उन्होंने बताया कि भारत परिषद अपने स्थापना दिवस से ही भ्रष्टाचार के विरुद्ध जंग छेड़े हुए है। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय सचिव मूलचंद्र चौहान, प्रदेश अध्यक्ष अजित सिंह, महासचिव शराफत मंसूरी ने भी अपने संबोधन में गांव-गांव से भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्य करने की अपील की। सभा से पहले चंद्रभूषण संगठन के पदाधिकारियों के साथ भगवान परशुराम मंदिर और निजाम शाह बर्री मियां की दरगाह गए।
इस दौरान उन्होंने संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी गौरीशंकर त्रिवेदी के पिता मूलशंकर त्रिवेदी के यहां पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सभा के दौरान उन्हें प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष नत्थू सिंह के नेतृत्व में कई ग्राम प्रधानों ने ज्ञापन देकर विभिन्न समस्याओं के निस्तारण की मांग की। इस मौके पर प्रदेश सचिव आकिल सिद्दीकी, प्रदेश मीडिया प्रभारी गौरीशंकर त्रिवेदी, ग्राम प्रधान राकेश सक्सेना, अरुण कुमार सिंह डैनी, तस्लीम अंसारी, तारा यादव आदि मौजूद रहे।