भाभी से बात करने पर दी मौत: सात माह बाद खुला सेल्समैन की हत्या का राज; महिला के देवर समेत दो गिरफ्तार

किराना सेल्समैन गौरव के हत्यारोपी रंजीत और निर्दोष
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के पिपरौल निवासी किराना सेल्समैन गौरव साहू हत्याकांड का मंगलवार को खुलासा कर दिया। कार सवार गौरव की हत्या में पड़ोसी गांव हरपालपुर के सपेरा परिवार से जुड़े तीन युवक शामिल निकले। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा और दो कारतूस भी बरामद कर लिए हैं। पूछताछ के दौरान सामने आया कि हत्यारों में से एक को उसकी भाभी से गौरव के अवैध संबंध होने का शक हो गया था।
किराना सेल्समैन गौरव साहू उर्फ गीतम की हत्या चार दिसंबर 2022 को कर दी गई थी। उस वक्त वह अपनी निजी कार से किराना का सामान पड़ोसी गांव पिपरौल के दुकानदारों को पहुंचाने गया था। सेल्समैन की हत्या में गिरफ्तार हरपालपुर निवासी निर्दोश उर्फ कालू उर्फ रितेश ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि गौरव जब भी उसके गांव आता, तब-तब वह उसकी भाभी से बात करता था। इसके कुछ दिनों बाद उसके भाई देवेंद्र की रामपुर सड़क हादसे में मौत हो गई तो निर्दोष का लगा कि एक्सीडेंट गौरव ने ही कराया है। इसी के चलते उसने अपने भाई राकानाथ और दोस्त रंजीत नाथ की मदद से घटना को अंजाम दिया।
हत्या के बाद गौरव का शव सहसवान क्षेत्र के गांव जिनोरा में बांध किनारे सरसों के खेत में फेंककर तीन दिन बाद कार बरेली जिले में फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में छोड़ दी गई। गौरव का मोबाइल फोन भी स्विच ऑन कर कार में ही छोड़ दिया गया था। पुलिस ने कार पहले ही बरामद कर ली थी। गौरव की हत्या उसकी कार में कर दी गई थी।