Shahjahanpur News: बिना परमिट वाले 17 वाहनों के चालान, चार सीज
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 01 Nov 2023 12:37 AM IST

शाहजहांपुर में स्कूली वैन की जांच करते एआरटीओ प्रवर्तन शांतिभूषण पांडेय। स्रोत-स्वयं
शाहजहांपुर। बदायूं में हादसे में बच्चों समेत पांच लोगों की मौत के बाद परिवहन विभाग को स्कूली वैन और बसों की जांच की याद आ गई है। एआरटीओ प्रवर्तन शांतिभूषण पांडेय ने मंगलवार को बिना परमिट चल रहे 17 वाहनों के चालान और बिना फिटनेस के चल रहीं चार स्कूली वैनाें को सीज कर दिया। सीज वाहनों को अपने कार्यालय में खड़ा करवा लिया है।
बदायूं में स्कूली बस और वैन में हुई भीषण टक्कर के बाद मंगलवार की सुबह वाहनों की जांच के लिए अभियान चलाया गया। इसके तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर एआरटीओ ने वाहनों की जांच की। इस दौरान कई स्कूली वैन क्षमता से अधिक बच्चों को भरकर ले जाते मिलीं। एआरटीओ शांतिभूषण पांडेय ने स्कूल प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि अपने वाहनों का टैक्स, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, परमिट आदि प्रपत्रों के होने पर ही वाहन का संचालन कराएं।
एआरटीओ का कहना है कि कार्रवाई में पकड़े जाने पर स्कूल संचालक अपनी वैन नहीं होने की बात कहकर हाथ खड़े कर देते हैं। ऐसे में क्षमता से अधिक बच्चों को स्कूल लेकर जाने वाले निजी वैन संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी।