Shahjahanpur News: मरीजों की उमड़ रही भीड़… डॉक्टर को दिखाना चुनौती

पुवायां सीएचसी पर डॉक्टर एमके सिंह के कक्ष के बाहर लगी मरीजों की भीड़
पुवायां सीएचसी पर धक्का-मुक्की के बीच बमुश्किल डॉक्टर से मिल पाते हैं पीड़ित
संवाद न्यूज एजेंंसी
पुवायां। बुखार, त्वचा रोग, खांसी आदि के रोगियों की सीएचसी पर भीड़ उमड़ रही है। काफी देर इंतजार और धक्का-मुक्की के बीच मरीज डॉक्टर तक पहुंच पाते हैं। कई पीड़ित तो भीड़ देखकर निजी डॉक्टरों के यहां चले जाते हैं। मरीजों की भीड़ का हाल यह है कि इमरजेंसी कक्ष में मौजूद डॉक्टर तक सामान्य रोगियों को देख रहे हैं।
मंगलवार दोपहर एक बजे सीएचसी पर भारी भीड़ के बीच दवा लेने के लिए लोगों के बीच किसी तरह डॉक्टर के कक्ष में पहुंचने के लिए लोग एक-दूसरे को धक्का देते दिखे। उधर, अधीक्षक अपने कक्ष में नहीं बैठे। ऐसे में तमाम रोगी लौट गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. नरेंद्र पाल ने बताया कि वह तहसील में एक बैठक में गए थे। सीएचसी पर सभी सुविधाएं दुरुस्त है। मरीजों के लिए एक कक्ष और खुलवा दिया गया है।
डॉक्टर तक पहुंचना हुआ मुश्किल
सीएचसी पर डॉक्टर एमके सिंह के कक्ष के बाहर भारी भीड़ लगी थी। लोगों का डॉक्टर तक पहुंचना मुश्किल हो रहा था। स्टाफ ने लाइन लगवाकर मरीजों को डॉक्टर के पास भेजने की जरूरत नहीं समझी।
इमरजेंसी के डॉक्टर ने संभाली कमान
मरीजों की भारी भीड़ के कारण सीएचसी के इमरजेंसी कक्ष में मौजूद डॉक्टर वसीम ने भी सामान्य रोगियों को अंदर बुलाकर देखा और दवाएं लिखीं। इससे पीड़ितों और उनके तीमारदारों को कुछ राहत मिली।
अधीक्षक का कक्ष रहा खाली
दोपहर एक बजे सीएचसी अधीक्षक का कक्ष खाली पड़ा था। कर्मचारियों से जानकारी ली गई तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई। पीड़ितों ने बताया कि सभी डॉक्टर समय से बैठे और रोगियों का इलाज करें तो भीड़ नहीं होगी। लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
इंतजार में जमीन पर बैठे मरीज
भारी भीड़ के चलते कई रोगी भीड़ में जी घबराने की बात कहते हुए दूर हट गए और थक हार कर फर्श पर बैठ गए। पीड़ितों और उनके तीमारदारों ने कहा कि भीड़ कम होने पर वे डॉक्टर से मिलेंगे। काफी देर बाद भी रोगी डॉक्टर के पास नहीं पहुंच सके।
–
सिपाही ने उप मुख्यमंत्री कार्यालय पर की शिकायत
पुवायां थाने से एक सिपाही और एक होमगार्ड एक आरोपी का मेडिकल कराने पहुंचे। दो घंटे तक इंतजार करने के बाद भी मेडिकल नहीं हो पाया तो सिपाही ने लखनऊ में किसी परिचित से शिकायत कर दी। कुछ ही देर में उप मुख्यमंत्री के यहां से सीएमओ के पास फोन आने पर और सीएमओ के यहां से सीएचसी पर फोन आने से खलबली मच गई। इसके बाद आरोपी का मेडिकल किया गया।
–
पुवायां सीएचसी पर तीन डॉक्टर तैनात हैं। अन्य सरकारी अस्पतालों की अपेक्षा पुवायां में अधिक डॉक्टर हैं। कोई समस्या है तो उसे दिखवाया जाएगा।
– आरके गौतम, सीएमओ

पुवायां सीएचसी पर डॉक्टर एमके सिंह के कक्ष के बाहर लगी मरीजों की भीड़

पुवायां सीएचसी पर डॉक्टर एमके सिंह के कक्ष के बाहर लगी मरीजों की भीड़

पुवायां सीएचसी पर डॉक्टर एमके सिंह के कक्ष के बाहर लगी मरीजों की भीड़

पुवायां सीएचसी पर डॉक्टर एमके सिंह के कक्ष के बाहर लगी मरीजों की भीड़

