Shahjahanpur News: शोभायात्रा से भक्ति के रंग में रंगा शहर, हवन-पूजन के साथ रामलीला का श्रीगणेश

शाहजहांपुर में निकली शोभायात्रा में भगवान राम दरबार का रथ खिंचते वित्त मंत्री सुरेश खन्ना व अन
शाहजहांपुर। श्री रामलीला समिति खिरनीबाग की ओर से बृहस्पतिवार को श्री गणेश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी और पुष्पवर्षा कर स्वागत हुआ। खिरनीबाग स्थित जीआईसी खेल मैदान पर हवन-पूजन के साथ श्री रामलीला मेला का शुभारंभ हो गया।
गांधीगंज में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने भगवान राम-सीता व हनुमानजी के रथ को खींचकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा में गणेश भगवान की प्रतिमा, शंकर-पार्वती, मां दुर्गा, मां सरस्वती, लक्ष्मी-नारायण व वरुण समेत अनेक देवी-देवताओं की झांकियां शामिल रहीं।
भगवान राम-सीता, हनुमानजी, भरत, लक्ष्मण शत्रुघ्न के स्वरूप रथ पर सवार रहे। हाथी, घोड़े, बैंड, ढोल-नगाड़ा के साथ डीजे पर विभिन्न धार्मिक गीतों की मधुर धुन के साथ बहुत ही मनमोहक दृश्य देखकर अनेक श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
शोभायात्रा केरूगंज चौराहा, रंग महला, छोटा चौक, बड़ा चौक, कच्चा कटरा, मालखाना मोड़, घंटाघर, मशीनरी मार्केट, सदर बाजार होते हुए खिरनीबाग में जीआईसी खेल मैदान पर पहुंची, जहां पर देव स्वरूपों को गोद में उठाकर मंच पर ले जाया गया।
इस दौरान मेला समिति के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव, कोषाध्यक्ष सुरेश सिंघल, सचिव नरेंद्र मिश्रा (गुरु), मेला प्रबंधक नीरज वाजपेयी, विनोद अग्रवाल, चंद्रशेखर खन्ना उर्फ धीरू, राम मोहन वर्मा, हितेश अग्रवाल, ऋषि कपूर, कुणाल अग्रवाल, वेद प्रकाश मौर्य, राज नारायण गुप्ता, अनूप गुप्ता, सुरेंद्र सिंह सेठ, अंशुल गुप्ता आदि शामिल रहे।
आज होगा सती मोह व शिव विवाह का मंचन
शाहजहांपुर। जीआईसी खेल मैदान पर शुक्रवार को पहले दिन सती मोह तथा शिव विवाह का मंचन किया जाएगा।

शाहजहांपुर में निकली शोभायात्रा में भगवान राम दरबार का रथ खिंचते वित्त मंत्री सुरेश खन्ना व अन