शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: शहर की पहली महापौर अर्चना ने ली शपथ, शहर को सुंदर बनाने का किया वादा

Connect News 24

City's first mayor Archana took oath, promised to make the city beautiful

जीआईसी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह से पूर्व लोगों का अभिवादन करतीं महापौर अर्चना वर्मा, कैबिनेट

शाहजहांपुर। शहर की पहली महापौर के रूप में अर्चना वर्मा ने शुक्रवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। उन्हें डीएम उमेश प्रताप सिंह ने शपथ दिलाई। इसके बाद महापौर ने 60 पार्षदों को शपथ ग्रहण कराई। इस दौरान मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के साथ ही पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद और सहकारिता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर भी मौजूद रहे।

नगर निगम और प्रशासन की ओर से शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन जीआईसी मैदान में किया गया। सबसे पहले डीएम उमेश प्रताप सिंह सिंह ने महापौर अर्चना वर्मा को शपथ दिलाई। इसके बाद महापौर ने नगर निगम में चुनकर आईं 21 महिला पार्षदों को शपथ दिलाई। पुरुष पार्षदों को 20 और 19 के ग्रुप में शपथ दिलाई गई।

अर्चना वर्मा को रोबिन परंपरा के तहत परंपरागत पोशाक सहायक नगर आयुक्त रश्मि भारती ने पहनाई और नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने चांदी का गदा भेंट किया। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने कहा कि नगर निगम की शहर के विकास में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जिला प्रशासन इसमें नगर निगम का सहयोग करेगा।

शहर में बनेंगे रोप-वे, एग्जिबिशन हॉल : सुरेश खन्ना

वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि अब शहर का तेजी से विकास होगा। जो कार्य सोचा हो, वह पूरा होता है तो संतुष्टि मिलती है। जल्द ही शहर में रोप-वे बनेंगे और ककरा न्यू सिटी में एग्जिबिशन हॉल बनाया जाएगा। शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी सिर्फ महापौर की नहीं होगी, शहर के लोगों को भी जागरूक होना होगा। तभी शहर स्वच्छ रह सकेगा। लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि शहर को महानगर के रूप में विकसित करना है। इसमें सभी का सहयोग आवश्यक है। शाहजहांपुर का विकास बहुत तेजी से होगा। शाहजहांपुर नगर निगम एक मॉडल के रूप में उभरेगा। सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि यह शाहजहांपुर के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। शहर की हर व्यवस्था दुरुस्त होगी।

महापौर अर्चना वर्मा ने कहा- हर वादा करेंगी पूरा

महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि अपनी इस जीत के लिए जनता का कोटि-कोटि नमन करती हैं। जनता से किए गए वादों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। सबसे पहले शहर को स्वच्छ रखने के लिए कदम उठाए जाएंगे। शहरवासियों को गड्ढा मुक्त सड़कें मिलें, इसके लिए तुरंत प्रयास शुरू किए जाएंगे। शुद्ध पेयजल, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को दुरुस्त करना उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा। जिला प्रशासन के सहयोग से वह शहर को सुंदर बनाने में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रखेंगी। प्रशासन की मदद से शहर को जाम से मुक्त किया जाएगा। लोगों को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाकर देना है।

कार्यक्रम में ये लोग रहे शामिल

भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, राज्यसभा सदस्य मिथिलेश कुमार, पुवायां विधायक चेतराम, तिलहर विधायक सलोना कुशवाह, जलालाबाद विधायक हरिप्रकाश वर्मा, एमएलसी सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव, निर्भय चंद्र सेठ, कौशल मिश्रा, सुरेंद्रनाथ वाल्मीकि, सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर, महानगर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, एसपी एस. आनंद, सीडीओ श्याम बहादुर सिंह, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णाराज, महामंत्री नवनीत पाठक आदि मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button