Shahjahanpur News: नाहिल में हुई सफाई, फॉगिंग बयानों में कराई

गांव नाहिल में सफाई करते कर्मचारी। स्रोत बीडीओ
पुवायां। गांव नाहिल में बुखार से कई लोगों की मौत और तमाम लोगों के बीमार होने की खबर प्रकाशित होने के बाद बीडीओ ने सफाई और फाॅगिंग कराने की बात कही थी। शुक्रवार को गांव में सफाई अभियान तो चलाया गया, लेकिन फाॅगिंग बयानों तक ही सीमित रही।
नाहिल काफी बड़ा गांव है। यहां लगभग चार हजार मतदाता और आबादी लगभग सात हजार है। गांव में बुखार से लगभग 15 लोगों की मौत हो चुकी है और 50 लोगों का बरेली, शाहजहांपुर और पीलीभीत के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। गांव में भी कई लोग स्थानीय अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। गांव में भारी गंदगी के चलते मच्छरों की भरमार से भी बुखार तेजी से फैला, लेकिन जिम्मेदार चुप्पी साधे रहे। अमर उजाला ने मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया, तब 26 अक्तूबर को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर दवाएं वितरित की थीं। बीडीओ संजय यादव ने शुक्रवार से गांव में सफाई अभियान चलाने और फाॅगिंग कराने की बात कही थी। शुक्रवार को कई सफाईकर्मियों ने सफाई तो की लेकिन फाॅगिंग नहीं कराई गई।
दूसरे दिन भी लगा स्वास्थ्य शिविर : स्वास्थ्य विभाग की ओर से नाहिल में शुक्रवार को दूसरे दिन भी शिविर लगाकर बुखार के रोगी देखे गए और दवाएं दी गईं। कुल 95 मरीजों का उपचार किया गया। 30 लोगों के रक्त की जांच की गई। शिविर में डॉ. जीडी सागर, मोहम्मद अफजल, अंजू रानी और अंकित शर्मा मौजूद रहे।

गांव नाहिल में सफाई करते कर्मचारी। स्रोत बीडीओ

