Shahjahanpur News: चार डॉक्टर अनुपस्थित मिलने पर सीएमओ ने ओपीडी में देखे मरीज

मदनापुर सीएचसी में ओपीडी में मरीजों को देखते सीएमओ डॉ.आरके गौतम।
शाहजहांपुर। सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने बृहस्पतिवार को मदनापुर सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी में मरीजों को भी देखा। इस बीच चार डॉक्टर अनुपस्थित मिलने पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।
सुबह सीएमओ डॉ. गौतम अचानक से मदनापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच गए। सीएमओ ने बताया कि उपस्थिति रजिस्टर चेक करने के दौरान डॉ. नितिन, डॉ. तौकीर, डॉ. सूफिया सुल्ताना और पूजा जालान अनुपस्थित मिलीं। उन्हें ओपीडी का रजिस्टर तीन जुलाई से अपडेट नहीं मिला। इसके बाद सीएमओ ने ओपीडी में मरीजों को देखा और दवाएं लिखीं। इसके बाद यूनीसेफ की ओर संचारी रोग नियंत्रण के लिए संचालित पखवाड़े को लेकर आशाओं को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने टीकाकरण आदि को शत-प्रतिशत कराने पर जोर दिया। सीएमओ ने कोल्ड चैन हैंडलर नहीं होने की शिकायत पर जिला मुख्यालय से अनिरुद्ध शुक्ला को भेजा है।