Shahjahanpur News: तिलहर रेलवे स्टेशन मार्ग से निकलना मुश्किल, आज से खुलेगा चीनी मिल मार्ग
तिलहर। ओवरब्रिज निर्माण को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम ने स्टेशन मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया है। पिलर बनाए जाने को लेकर सड़क पर कुओं की खोदाई और भारी बारिश होने से स्कूली बच्चों और स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को दलदल से होकर गुजरना पड़ा। वहीं शुक्रवार से वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में चीनी मिल का मार्ग खोल दिया जाएगा।
निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता ने रेल मंडल प्रबंधक को पत्र लिखकर रेलवे स्टेशन और डभौरा के ग्रामीणों सहित स्कूली बच्चों को निकलने के लिए सलेमाबाद पट्टी स्थित 335 सी रेलवे क्रॉसिंग खोले जाने की मांग की है। वहीं एडीएम प्रशासन संजय पांडे ने चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक को फोन करके वैकल्पिक रूप में चीनी मिल गेस्ट हाउस वाला मार्ग पैदल और बाइक चालकों के आवागमन के लिए खोलने के निर्देश दिए हैं।
मिल प्रबंधक जंग बहादुर यादव ने बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था के लिए शुक्रवार से गेस्ट हाउस वाला मार्ग पैदल बाइक और साइकिल सवार लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इस मार्ग से ई-रिक्शा व अन्य कोई चौपहिया वाहन नहीं निकाले जाएंगे।