Shahjahanpur News: कोरोना के बाद बढ़ा नारियल पानी का व्यापार

नारियल पानी बिक्रेता लतीफ। संवाद
शाहजहांपुर। कोरोना काल में रोग प्रतिरोधक क्षमता का महत्व समझ में आने के बाद नारियल पानी के व्यापार में तीन से चार गुने का इजाफा हुआ है। स्वास्थ्य में सुधार के लिए डॉक्टर भी मरीजों को नारियल पानी पीने की सलाह दे रहे हैं।
हर वर्ष दो सितंबर को विश्व नारियल दिवस मनाया जाता है। कोरोना काल से पहले शहर में नारियल पानी बहुत मुश्किल से मिलता था। वर्तमान में लगभग हर मुख्य मार्ग, खासतौर पर अस्पतालों के पास नारियल की दुकानें लग गईं हैं। सामान्य तौर पर नारियल 60 से 70 रुपये में मिल जाता है। महंगा होने के बाद भी लोग इसको खरीदते हैं।
बढ़ रही नारियल पानी की मांग
कैंट रोड पर नारियल की दुकान लगाए लतीफ अहमद ने बताया कि वह पांच साल से नारियल का कारोबार कर रहे हैं। नारियल बरेली से लेकर आते हैं। यहां रोजा मंडी में नारियल नहीं आते। अगर कभी आते हैं तो काफी महंगे मिलते हैं। कोरोना से पहले एक दिन में 20 से 30 नारियल की बिक्री होती थी, लेकिन अब इसकी मांग काफी बढ़ गई है। एक दिन में 90 से 100 नारियल तक बिक जाते हैं।
मांग में इजाफा होने के साथ ही इसकी कीमत भी बढ़ गई है। बरेली में आंध्र प्रदेश, बंगलुरु, ओडिशा और गुजरात से नारियल आते हैं। जब थोक में नारियल महंगा होता है तो यहां पर भी महंगा हो जाता है। इस समय थोक में सस्ता होने की वजह से नारियल कम दामों में बिक रहा है।
स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद है नारियल पानी
राजकीय मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एमएल अग्रवाल के मुताबिक नारियल पानी में प्रचुर मात्रा में इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं। नारियल पानी प्रोटीन का भी अच्छा स्रोत है। रोजाना सुबह नारियल पानी पीने से थॉयराइड, हार्मोन्स संतुलित रहते हैं। सामान्य तौर पर एक नारियल में लगभग 200 से 250 मिली लीटर पानी होता है। इस पानी में पोटेशियम, मैग्नीज, सोडियम, कैल्शियम के अलावा प्रोटीन और फाइबर भी होता है। ये सभी तत्व रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ ही शरीर के लिए बेहद लाभदायक हैं।

नारियल पानी बिक्रेता लतीफ। संवाद