Shahjahanpur News: केला प्लांट में मिला रंग जांच में फेल
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sun, 29 Oct 2023 12:31 AM IST
शाहजहांपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग ने केला पकाने वाले प्लांट में करीब दो माह पहले छापा मारा था। यहां पर मिला रंग जांच में अखाद्य पाया गया। आशंका है कि रंग को केले में लगाया जाता था। केले की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने अगस्त में बाडीगांव स्थित एक प्लांट पर छापा मारा था। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को यहां रंग रखा मिला। खाद्य सुरक्षा टीम को लगा कि शायद यह रंग केले पर लगाया जाता होगा। इसके लिए रंग का भी नमूना ले लिया गया। पके मिले केलों का भी नमूना लिया था। दोनों नमूनों को जांच के लिए लखनऊ स्थित लैब में भेजा गया। शुक्रवार को जांच रिपोर्ट आई तो पता चला कि रंग अखाद्य है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा ने बताया कि केले की रिपोर्ट का इंतजार है। अगर यही रंग केले पर भी लगाया गया है तो प्लांट संचालक पर कार्रवाई की जाएगी।

