Shahjahanpur News: एसएस कॉलेज को विश्वविद्यालय बनाने के लिए कमेटी गठित

स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती। स्रोत-संस्था
शाहजहांपुर। साल की विदाई के समय उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एसएस कॉलेज को राजकीय विश्वविद्यालय बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल हुई है। संयुक्त सचिव प्रेम कुमार पांडेय ने विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए समिति गठित कर दो सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है। जिसके बाद अग्रिम निर्णय लिया जाएगा।
मुमुक्षु आश्रम के अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती लंबे समय से एसएस डिग्री कॉलेज को राजकीय विश्वविद्यालय बनवाने की कोशिश कर रहे हैं। एसएस कॉलेज को यूनिवर्सिटी बनाने के लिए उन्होंने शासन से पत्राचार किया था। इसके बाद जिला स्तर से गठित कमेटी में शामिल डीआईओएस, फायर सेफ्टी व टेक्निकल टीम ने कॉलेज का मुआयना करने के बाद सितंबर में शासन को रिपोर्ट भेज दी थी तब कॉलेज को विश्वविद्यालय बनाने के लिए कार्यवाही तेज कर दी गई थी। अब उत्तर प्रदेश सरकार के संयुक्त सचिव ने मुमुक्षु आश्रम ट्रस्ट के अंतर्गत आने वाली इकाइयों को उच्चीकृत करते हुए स्वामी शुकदेवानंद राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए कमेटी गठित कर दी है। कमेटी में उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव शिपू गिरी को अध्यक्ष, एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली के कुलसचिव, वित्त अधिकारी व क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी बरेली को सदस्य नामित किया है।
दो सप्ताह में मांगी रिपोर्ट
-मुमुक्षु आश्रम ट्रस्ट के अंतर्गत एसएस कॉलेज, एसएस विधि महाविद्यालय, दैवी संपद ब्रह्मचर्य संस्कृत महाविद्यालय, डीएस कॉलेज, श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ आदि संस्थाओं का संचालन होता है। संयुक्त सचिव ने संस्थाओं की संपत्तियों, दायित्वों व मानव संसाधनों के सभी पहलुओं का अध्ययन कर दो सप्ताह के अंदर रिपोर्ट मांगी है।
कॉलेजों की निगरानी के लिए जरूरी
-एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के दायरे में करीब तीन सौ डिग्री कॉलेज आते हैं। संख्या अधिक होने से उनकी निगरानी नहीं हो पाती। ऐसे में जिले में यूनिवर्सिटी बनने से बेहतर तरीके से कॉलेजों का संचालन किया जा सकेगा। मुमुक्षु आश्रम के पास यूनिवर्सिटी बनाने के लिए पर्याप्त जमीन भी उपलब्ध है। जिले में 53 डिग्री कॉलेजों का संचालन होता है। कुछ महाविद्यालय मानक तक पूर्ण नहीं कर रहे हैं। यूनिवर्सिटी बनने से शिक्षा की गुणवत्ता में इजाफा होगा।
फोटो नंबर 31
-यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए कमेटी गठित कर दो सप्ताह में रिपोर्ट मांगी गई है। कमेटी को जवाब देने के लिए संस्था की ओर से सचिव डॉ.अवनीश मिश्रा को नियुक्त किया गया है।
-स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती, मुख्य अधिष्ठाता-मुमुक्षु आश्रम

