Shahjahanpur News: भूख हड़ताल पर डटे, एक कर्मी की बिगड़ी हालत

शराब फैक्ट्री में अनशन स्थल पर पहुंचे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह।जागरुक पाठक
शाहजहांपुर। द यूनाइटेड स्प्रिट्स लिमिटेड से सेवा समाप्ति का नोटिस मिलने के बाद कर्मचारी शनिवार को दूसरे दिन भी भूख हड़ताल पर डटे रहे। इस दौरान एक कर्मचारी की हालत बिगड़ गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अनशन स्थल पर ही उनका उपचार शुरू किया। इधर, प्रबंधन ने अब तक कर्मचारियों से संपर्क नहीं किया है।
डीयाजियो ग्रुप की शराब फैक्टरी द यूनाइटेड स्प्रिट्स लिमिटेड में कार्यरत 244 नियमित और दो कैजुअल कर्मचारियों की 31 अक्तूबर को सेवा समाप्त कर दी थी। इससे आक्रोशित कर्मचारियों ने छह मंजिला प्लांट के ऊपर चढ़कर पहले धरना और भूख हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों की मांग है कि कंपनी प्रबंधन के अधिकारी आकर उनसे बात करें। इस वक्त 40 कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। शनिवार सुबह धर्मेंद्र (35) को अचानक पेट में तेज दर्द होने के साथ ही उल्टी शुरू हो गईं। साथियों ने तत्काल थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह को सूचना दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अनशन स्थल पर पहुंचे और सीएमओ को जानकारी दी। एसीएमओ डॉ. प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव मौके पर आए। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट वेदप्रकाश मिश्रा, एसडीएम शैलेंद्र गौतम, सीओ सिटी बीएस वीरकुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने धर्मेंद्र की हालत ठीक न होने की बात कहते हुए इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजने के लिए कहा। कई बार समझाने के बावजूद धर्मेंद्र अस्पताल जाने के लिए तैयार नहीं हुए तो अनशन स्थल पर पहुंचे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय यादव ने सीएमएस को अनशन स्थल पर ही ड्रिप लगाकर इलाज शुरू किया गया। शाम पांच बजे धर्मेंद्र के पेट में फिर दर्द उठा। मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फिर से उपचार शुरू किया। नायब तहसीलदार सदर शशांक सिंह व राजस्व निरीक्षक देर रात महेंद्र पाल मौके पर मौजूद रहे। सेहरामऊ दक्षिणी पीएचसी के डॉक्टर अश्वनी कुमार, फार्मासिस्ट मोहम्मद शरीफ खान, स्टाफ नर्स रवि कुमार, ट्रेनिंग फार्मासिस्ट ऋषभ, अंसार अली अब फैक्ट्री परिसर में ही मौजूद रहेंगे।
कर्मचारियों से जाना हालचाल : अखिल भारतीय प्रधान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा, ददरौल विधायक मानवेंद्र सिंह के बेटे अरविंद सिंह, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष श्यामबाबू दीक्षित, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव आदि अनशन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।