Shahjahanpur News: एक मुश्त समाधान योजना लागू करने में लगा निगम

नगर निगम कार्यालय शाहजहांपुर
शाहजहांपुर। नगर निगम की ओर से एक मुश्त समाधान योजना लागू किए जाने की तैयारी चल रही है। योजना लागू हुई तो गृहकर व जलकर के बकाया पर पूरा ब्याज माफ होगा। साथ ही कुल मूलधन राशि में से 20 प्रतिशत छूट का भी प्रावधान रहेगा। योजना शहर के व्यावसायिक, सरकारी और अर्द्ध सरकारी कार्यालयों/भवनों पर लागू नहीं होगी।
नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में इसका प्रस्ताव रखा गया था कि शहर में बकाया गृहकर पर लगा ब्याज माफ किया जाए। यह फायदा उन्हीं लोगों को दिया जाए जो एक मुश्त अपना पूरा बकाया जमा करें। इसका प्रस्ताव कार्यकारिणी में पास भी हो गया है। अब इसे बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा। जहां से पास होने के बाद शासन को भेजा जाएगा। शासन की मंजूरी मिलने के बाद नगर निगम में योजना लागू कर दी जाएगी।
अपर नगर आयुक्त एसके सिंह ने बताया कि बकाया गृहकर पर लगा ब्याज माफ किया जाएगा। इसका फायदा करदाता को तभी मिलेगा जब वह पूरा बकाया गृहकर एकसाथ अदा करे। बताया कि नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाले आवासीय भवनों पर नगर निगम का गृहकर का लगभग 15 करोड़ रुपया बकाया है। इस पर 12 प्रतिशत ब्याज लगा है, जोकि एक करोड़ 80 लाख बैठता है।
शासन से अनुमति के बाद अगले
साल ही मिल सकेगा लाभ
एक मुश्त समाधान योजना का प्रस्ताव अभी कार्यकारिणी की बैठक में ही पास हुआ है। अब बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा, जहां से पास होने के बाद शासन को भेजा जाएगा। वहां से पास होने में एक से डेढ़ माह का समय लगेगा। उसके बाद ही यह योजना लागू हो सकेगी। इस तरह से योजना का लाभ अगले साल ही मिल सकेगा।
आंकड़े
3.5 लाख – नगर की आबादी
70 हजार – आवास बने हुए हैं
15 करोड़ – गृहकर बकाया है
1.80 करोड़ – ब्याज बनता है