Shahjahanpur News: खोखले निकले निगम के दावे, कूड़े से पटे सारे नाले

जेल रोड बहादुरगंज में कूड़े से भरा नाला।संवाद
शाहजहांपुर। नगर निगम के अधिकारियों ने एक दिन पहले ही दावा किया था कि बारिश का मौसम शुरू होने से पहले ही शहर के सभी नालों की तलीझाड़ सफाई हो गई है। रविवार को जब इसकी पड़ताल की गई तो शहर के ज्यादातर नाले कूड़े से पटे पाए गए। कूड़े की वजह से नालों में पानी का बहाव रुका था।
थोड़ी सी बारिश होने पर शहर में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इसकी वजह यह है कि नालों की सही से सफाई नहीं की जाती है। लोगों ने नालों के ऊपर अतिक्रमण भी कर रखा है। नगर निगम के अधिकारी अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। इसकी वजह से नालों की सही से सफाई नहीं हो पाती है। इससे जलभराव हो जाता है।
नालों की सफाई के नाम पर होती है खानापूर्ति
नगर निगम की ओर से नालों की सफाई के नाम पर खानापूर्ति की जाती है। दावा किया जाता है कि नालों की तलीझाड़ सफाई की जा रही है, लेकिन जेसीबी से नाले में पानी के ऊपर का कूड़ा निकाल दिया जाता है। सिल्ट की सफाई नहीं की जाती है। जिसकी वजह से नाले में पानी का बहाव सही से नहीं हो पाता है।
नगर निगम क्षेत्र में नालों की स्थिति
20 बड़े नाले
08 मझोले नाले
63 छोटे नाले
91 कुल नाले
200 आउटसोर्सिंग कर्मचारी नालों की सफाई में लगे
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक नालों की सफाई के लिए 200 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को लगाया गया है। इनको प्राइवेट कंपनी की ओर से प्रतिमाह 10 हजार रुपये वेतन दिया जाता है। इसके बाद भी नालों का बुरा हाल है। सफाई के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। कूड़े और कचरे से नाले पटे हुए हैं।
इन नालों का बुरा हाल
बहादुगंज से निकलकर फायर स्टेशन के पीछे गिरने वाले नाले की सफाई काफी समय से नहीं हुई है। यहीं हाल महमंद हद्दफ चौकी से निकलने वाले नाले का है। यह भी कूड़ा-कचरा से भरा हुआ है। यही हाल बहादुगंज जेल रोड से निकलने वाले नाले का हाल है। जलालनगर नाला कूड़े के कारण जाम हो चुका है। वहीं अंटा चौराहा के पास से निकलने वाले नाले की सफाई तो हो गई है, लेकिन अब भी उसमेेेें कूड़ा भरा हुआ है। सिंजई मोहल्ला से निकलने वाला नाला भी कूड़ा कचरा से भरा हुआ है। इसी तरह से शहर के कई बड़े और छोटे नालों की सफाई नहीं हुई है।
वर्जन-
नगर निगम की ओर से नालों की सफाई का कार्य कराया जा रहा है। इसके लिए अलग से कोई बजट नहीं आता है। नगर निगम अपने संसाधनों से नालों की सफाई करा रहा है। शहर में अधिकतर नालों की सफाई हो गई है। – मनोज कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी