Shahjahanpur News: जर्जर, किराए के भवन में चल रहे परिषदीय विद्यालय किए गए शिफ्ट

बाडूजई द्दितीय प्राथमिक विद्यालय की टूटी हुयी छत। संवाद
शाहजहांपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के कई परिषदीय विद्यालय किराए के भवन में चल रहे हैं या फिर जर्जर हालत में हैं। कुछ विद्यालय वक्फ की संपत्ति पर भी संचालित हो रहे हैं। अब इन विद्यालयों को उनके समीप के दूसरे विद्यालय के अतिरिक्त कक्षा-कक्षों में संचालित कराया जाएगा। इसकी अनुमति अस्थायी रूप से प्रदान की गई है।
पिछले दिनों अमर उजाला ने शहर व ग्रामीण क्षेत्र के जर्जर भवनों में संचालित परिषदीय विद्यालयों की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसका असर अब देखने को मिला है। बीएसए रणवीर सिंह ने जर्जर भवनों में संचालित विद्यालयों को शिफ्ट किया है। इनमें जर्जर हो चुके प्राथमिक विद्यालय भारतद्वाजी-2 को कंपोजिट विद्यालय किला में शिफ्ट किया गया है।
इसी तरह प्राथमिक विद्यालय हाथीथान प्रथम को कंपोजिट विद्यालय दिलाजाक, प्राथमिक विद्यालय हाथीथान द्वितीय को प्राथमिक विद्यालय दिलाजाक प्रथम, प्राथमिक विद्यालय अलीजई को कंपोजिट विद्यालय मंडी में शिफ्ट होगा। वहीं वक्फ की संपत्ति जो कि विवादित है पर स्थित प्राथमिक विद्यालय बाडूजई द्वितीय को प्राथमिक विद्यालय लोधीपुर, भवनरहित प्राथमिक विद्यालय महमंद जलालनगर को प्राथमिक विद्यालय तारीन टिकली द्वितीय तथा मस्जिद की जमीन पर चल रहा कंपोजिट विद्यालय रोशनगंज को प्राथमिक विद्यालय फत्तेपुर रेती में शिफ्ट किया गया है। बीएसए रणवीर सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है। बताया कि छात्र व विद्यालय स्टाफ स्थानांतरित विद्यालय में उपस्थित होकर शिक्षण कार्य करेंगे।