शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: अवैध निर्माण की शिकायत पर पहुंचे पार्षद पर हमला, फायरिंग

Connect News 24

शाहजहांपुर। अवैध निर्माण की शिकायत पर पहुंचे वार्ड नंबर 25 के पार्षद प्रदीप सक्सेना पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि पूर्व सभासद राशिद खां व उनके बेटों ने बेलचे व लाठी-डंडों से हमला करते हुए फायर किए। विवाद के दौरान उनके साथी पार्षद मनीष गुप्ता को भी चोटें आईं हैं। पार्षदों के चौक कोतवाली पर जुटने के बाद मामले में केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोहम्मदजई निवासी पार्षद प्रदीप सक्सेना को फारुखी की दुकानों पर अवैध निर्माण होने की शिकायत मिली थी। उनके साथ पार्षद मनीष गुप्ता भी थे। प्रदीप के अनुसार बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे उनके पहुंचने पर पूर्व सभासद राशिद खां, उनका भाई तारिक, खालिद, बेटा आमिर व नदीम व अन्य लोगों ने जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में उनके व मनीष के काफी चोटें आईं हैं। आरोप है कि विवाद के दौरान फायर करने के साथ ही सोने की चेन छीन ली। प्रदीप ने रात में कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

चेन लूट की बात हटाने का दबाव बनाती रही पुलिस

तहरीर देने के बाद भी पुलिस मामले को हल्के में लेती रही। दोपहर में अलग-अलग वार्डों के पार्षद चौक कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने कार्रवाई नहीं करने पर नाराजगी जताई। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने मौका-मुआयना किया गया। लेकिन, प्रभारी कोतवाल चेन लूट की बात को मानने को तैयार नहीं थे। वह चेन लूट की बात तहरीर से हटाने के लिए कहते रहे। पार्षदों ने थाने के बाहर धरना देने की तैयारी कर ली। तब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कराकर मामले को शांत किया। इस दौरान पर पार्षद विपिन यादव, अनूप सिंह, लालू पुजारी, संजय सारस्वत, दिवाकर मिश्रा आदि मौजूद रहे।

तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना कर कार्रवाई की जाएगी। -बीएस वीर कुमार, सीओ सिटी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button