Shahjahanpur News: बहन को मंडप से उठा ले गए चचेरे भाई

तिलहर में कन्यादान करते लड़की के माता-पिता।
तिलहर। बुधवार को बहादुरगंज मोहल्ले में शादी समारोह में दुल्हन को चचेरे भाइयों ने मंडप से उठा लिया। वर पक्ष की शिकायत पर पुलिस सक्रिय हुई और दुल्हन और आरोपियों को बरामद कर लिया। मामला प्रापर्टी के विवाद का बताया जा रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि वर-वधु की उम्र में काफी अंतर है। इसलिए चचेरे भाई शादी से नाराज थे। हालांकि बाद में दोनों की शादी करा दी गई।
सिंधौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की शादी तिलहर थाना क्षेत्र के गांव में तय हुई थी। बुधवार को बरात का इंतजाम मोहल्ला बहादुरगंज में युवती पक्ष के रिश्तेदारी में रखा गया था। कार्यक्रम के दौरान बरातियों का स्वागत सत्कार किया गया। मंडप में फेरे के साथ ही शादी की रस्मों को पूरा कराया गया। अचानक से दुल्हन के चचेरे भाई आ धमके। उन्होंने शादी का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। अपने साथियों की मदद से पूर्व प्रधान बबलू की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए, साथ ही दुल्हन को अपनी गाड़ी में डालकर ले गए। इस बीच वर पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने तलाश शुरू की और दुल्हन को बरामद कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मामले को बढ़ता देखकर पुलिस सभी को लेकर थाने आ गई।
प्रापर्टी के विवाद की चर्चा
जिस युवती की शादी थी, वह तीन बहनें हैं। एक की शादी 16 जून को हो चुकी है। दूसरी की बारात बुधवार को आई थी। चर्चा है कि दुल्हन के चचेरे भाइयाें की जमीन पर नजर है। इसलिए वह चाचा की जमीन को लेकर बहनों की शादी नहीं होने देना चाहते हैं। इस मामले में एक पक्ष की ओर से तहरीर दी गई। देर रात तक मामले का हल नहीं निकल सका। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों पक्षों को थाने में बुलाया है।
दोनों पक्षों को समझाने का कर रहे प्रयास
रानी खिरिया गांव के पूर्व प्रधान बबलू ने बताया कि दोनों ही पक्ष हमारे रिश्तेदार हैं। दोपहर में युवती की भांवरे पड़ने के साथ शादी की रस्में पूर्ण हो गई थी। तभी युवती पक्ष के चचेरे भाईयों ने आकर विवाद किया। दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
दुल्हन को मंडप से उठाकर ले जाने की बात निराधार हैं। दुल्हन और दूल्हे की उम्र में काफी अंतर होने के चलते चचेरे भाइयों ने एतराज किया था। दुल्हन ने भी शादी से इन्कार कर दिया था। मामले में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति बन गई। युवती पक्ष के लोग दुल्हा पक्ष का दिया सामान वापस करने को तैयार हो गए हैं। – संजीव कुमार वाजपेयी, एसपी देहात