Shahjahanpur News: क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव पर गबन का लगााया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Fri, 09 Jun 2023 12:18 AM IST
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव की तिथि का एलान होते ही गुटबाजी के साथ ही घमासान मच गया है। अध्यक्ष और सचिव आमने-सामने आ गए हैं। अध्यक्ष अतुल सक्सेना ने सचिव आनंद पाठक पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाते हुए एसपी को प्रार्थना पत्र दिया है। पाठक ने अध्यक्ष के आरोपों को निराधार बताया है।
शाहजहांपुर क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव को लेकर 24 मई को खिरनीबाग स्थित एक होटल में बैठक बुलाई गई थी। इसके बाद से ही एसोसिएशन में घमासान मचा है। अध्यक्ष अतुल सक्सेना ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर सचिव आनंद पाठक पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आनंद पाठक ने उनके फर्जी हस्ताक्षर से वित्तीय घपला किया है। अतुल ने एसपी को बताया कि कई पत्रों पर उनके फर्जी हस्ताक्षर कर धनराशि प्राप्त की गई। इसकी जांच की जाए।
इधर, सचिव आनंद पाठक ने अध्यक्ष के सारे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने बताया कि अतुल सक्सेना वर्षों से अध्यक्ष हैं। चुनाव कराकर दूसरों को मौका देना चाहिए, लेकिन वह ऐसा नहीं चाहते हैं। वित्तीय अनियमितता के आरोपों का जवाब उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन को दे चुके है। जिस वित्तीय वर्ष की बैलेंस शीट में गड़बड़ी की बात की जा रही है, उस पर अतुल सक्सेना के ही हस्ताक्षर हैं।