शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: महिला की हत्या में बेटी और पीडब्ल्यूडी का एई गिरफ्तार

Connect News 24

शाहजहांपुर : अवैध संबंधाें के विरोध पर दोनों ने ढाई महीने पहले की थी घटना

संवाद न्यूज एजेंसी

शाहजहांपुर। डीएम कंपाउंड के एक मकान में करीब ढाई महीने पहले हुई महिला की हत्या में पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता (एई) राकेश कुमार को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके महिला की बेटी से अवैध संबंध थे। इसका विरोध करने पर ही महिला को रास्ते से हटाया गया। बेटी को भी साथ में गिरफ्तार किया गया है।

महिला का शव 28 जुलाई को कमरे में पड़ा मिला था। सिर पर किसी भारी चीज से प्रहार किया गया था। चेहरे व हाथ पर तेजाब से जलाने के निशान भी मिले थे। इस मामले में महिला के बेटे की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था। विवेचना के दौरान महिला की बेटी के शक के दायरे में आने पर पुलिस ने सर्विलांस के जरिये भी पड़ताल की। तब हापुड़ के थाना बाबूगंज के ग्राम सिकंदरपुर काकोड़ी के रहने वाले एई राकेश कुमार का नाम सामने आया।

एसपी सिटी सुनील जायसवाल ने बताया कि महिला की बेटी राकेश कुमार के घर खाना बनाने जाती थी। दोनों में संबंध हो गए थे। पता चलने पर मां ने आपत्ति की थी। इसलिए उन्हें रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने योजना बनाई। इसके मुताबिक महिला जब कमरे में सोने गई तभी बेटी के बताने पर आए राकेश ने कमरे में जाकर उनकी हत्या कर दी।

दोनों के बीच व्हाट्सएप चैटिंग और रास्ते के सीसीटीवी फुटेज जुटाने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

हत्या के बाद सुबह इलाज के बहाने डॉक्टर के पास लेकर गया था राकेश

सहायक अभियंता राकेश कुमार करीब एक साल से यहां अकेला रह रहा था। उसकी पत्नी व दो बच्चे हैं, जिन्होंने उसके खिलाफ थाने में तहरीर दे रखी है कि राकेश दूसरी महिलाओं के फेर में उन्हें अपने पास नहीं रख रहा। इंस्पेक्टर सदर रविंद्र सिंह ने बताया कि रात में घटना को अंजाम देने के बाद सुबह राकेश महिला के घर पहुंचा और शरीर गर्म होने की बात कहकर अपनी कार से डॉक्टर के पास भी लेकर गया था। मामले में उससे पूछताछ भी की गई लेकिन वह हर बार बरगलाता रहा। महिला की बेटी और राकेश के बयानों में भिन्नता होने पर उनकी मोबाइल की चैट सामने रखकर पूछताछ की गई तो सारी स्थिति सामने आ गई।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button