Shahjahanpur News: आईएमए का राज्य स्तरीय सम्मेलन 16 से, प्रदेशभर के डेलीगेट करेंगे प्रतिभाग

शाहजहांपुर में पत्रकारों से वार्ता करते आईएमए के पदाधिकारी। संवाद
शाहजहांपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) का 88वां राज्यस्तरीय सम्मेलन 16 व 17 दिसंबर को बरेली मोड़ स्थित ग्रांड आर्क होटल में होगा। सम्मेलन में चिकित्सीय विषयों पर चर्चा और शोध पत्र पढ़े जाएंगे। दस साल के बाद जिले में होने वाले कार्यक्रम में पूरे प्रदेश के डेलीगेट प्रतिभाग करेंगे।
मंगलवार को डॉ. सत्यानंद अस्पताल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए डॉ. यूडी कपूर ने बताया कि 16 दिसंबर को शाम छह बजे कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना व आईएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.शरद अग्रवाल करेंगे। इनके अतिरिक्त महासम्मेलन में यूपी अध्यक्ष डॉ. एके श्रीवास्तव, सचिव डॉ.वीबी जिंदल, डॉ. प्रदीप सिंह व डॉ.एमएम पालीवाल भी प्रतिभाग करेंगे। डॉ.पवन अग्रवाल ने बताया कि सत्रों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मेडिकल काॅलेज के छात्र-छात्राओं को आमंत्रित किया गया, जिससे उन्हें भी लाभ मिल सकें। डॉ. विजय पाठक ने बताया कि स्टेट वर्किंग कमेटी के जरिये भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करने के साथ ही नवीन टेक्नोलॉजी उपकरणों को दिखाया जाएगा। इस दौरान चिकित्सीय विषयों पर चर्चा व शोध पत्र भी पढ़े जाएंगे। कार्यक्रम में डॉक्टरों को अवार्ड देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
आईएमए के सचिव डॉ.गौरव मिश्रा ने बताया कि इस तरह के आयोजन से पूरे प्रदेश में जिले की पहचान होगी। कार्यक्रम में दिल्ली समेत कई बड़े राज्यों से प्रमुख वक्ता भी प्रतिभाग करेंगे। उनके संबोधन से डॉक्टरों को चिकित्सा क्षेत्र में होने वाले नए आयामों की जानकारी मिलेगी। इस मौके पर डॉ. परविंदर सिंह, डॉ.सोमशेखर दीक्षित, डॉ.दीपा सक्सेना, डॉ.सत्यप्रकाश मिश्रा, डॉ.नीरज अग्रवाल, डॉ.एसके जैन आदि मौजूद रहे।
20 प्रवक्ता हृदय, सर्जरी, कैंसर पर देंगे व्याख्यान
आईएमए के सम्मेलन में दिल्ली, गुड़गांव, बरेली, लखनऊ समेत कई बड़े शहरों व राज्यों के 20 प्रवक्ताओं को आमंत्रित किया गया है। संयोजक डॉ.पीके अग्रवाल ने बताया कि प्रवक्ता ह्दय, कैंसर जैसे गंभीर रोगों व सर्जरी आदि मेडिकल विषयों पर अपनी बात रखेंगे।