Shahjahanpur News: भामाशाह जयंती पर व्यापारी दिवस घोषित किए जाने की मांग
शाहजहांपुर। व्यापारियों ने भामाशाह जयंती पर व्यापारी दिवस घोषित करने की मांग की है। व्यापारी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सुशांत श्रीवास्तव को सौंपा।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल मिश्र गुट के जिलाध्यक्ष कुलदीप दुआ के नेतृत्व में व्यापारी सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए। व्यापारियों ने दिए ज्ञापन में कहा है कि भामाशाह अपने त्याग एवं दानवीरता के कारण इतिहास में अमर हो गए। उन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपनी सारी पूंजी महाराणा प्रताप को दान कर दी। व्यापारी समाज भी सेठ, साहूजी और भामाशाह के रूप में जाना जाता रहा है। इसी रूप में वह अपनी भूमिका का निर्वहन करते हमेशा संस्कृति की रक्षा और जरूरतमंदों की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। व्यापारी वर्ग मांग करता है कि भामाशाह जयंती पर व्यापारी दिवस घोषित किया जाए। इस दौरान जिला महामंत्री नाजिम खां, नगर अध्यक्ष संजीव राठौर, युवा जिलाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, कमाल फहीम, अतुल गुप्ता आदि मौजूद रहे।