Shahjahanpur News: पुलिस कार्यालय के गेट पर सपाइयों का प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 16 Jan 2024 03:28 AM IST

शाहजहांपुर में एसपी कार्यालय के गेट पर धरना देते सपाई। स्रोत-संगठन
शाहजहांपुर। गंभीर धाराओं में दर्ज केस में नामजद पूर्व सभासद राशिद खां के भाई के साले को पुलिस ने रात तीन बजे हिरासत में ले लिया। इस पर सपाई भड़क उठे। उन्होंने पुलिस कार्यालय के गेट पर धरना देकर सत्ता पक्ष के नेताओं के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। एसपी सिटी ने वार्ता के बाद पदाधिकारियों को शांत कर धरना खत्म कराया।
14 दिसंबर की रात नगर निगम के पार्षद प्रदीप सक्सेना और पूर्व सभासद राशिद खां पक्ष में विवाद हो गया था। तहरीर देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर अगले दिन पार्षदों ने कोतवाली का घेराव किया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर राशिद खां के बेटे आमिर और सपा कार्यकर्ता गुड्डू को जेल भेज दिया था। आरोप है कि पुलिस उनके परिवार के अन्य सदस्यों को परेशान कर रही है। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां के बताया कि सुबह राशिद के भाई के साले कामरान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस पर सपाइयों ने पुलिस कार्यालय के गेट पर बैठकर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। तनवीर खां ने बताया कि जिस रात विवाद हुआ, तब पूर्व सभासद के बेटे आमिर खान के निकाह की रस्म चल रही थी। राशिद के भतीजे और मुन्ने के नाम आवंटित दुकानों पर पार्षद ने कब्जे की कोशिश की थी। विरोध पर फायरिंग कर आरोपी भाग गए थे लेकिन पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई कर राशिद खां और उनके परिजन के खिलाफ गंभीर धारा में केस दर्ज कर लिया। इस बीच एसपी सिटी सुधीर जायसवाल व सीओ सिटी बीएस वीर कुमार ने कामरान को रिहा करने और निर्दोषों को जेल नहीं भेजने व दूसरे पक्ष पर भी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान सपा के प्रदेश सचिव विजय सिंह, गायत्री वर्मा, चौधरी रामकुमार भोजवाल, अतिउल्लाह सिद्दीकी, नसीम खान, सरताज खान, रोहित कुमार पांडे आदि मौजूद रहे।