Shahjahanpur News: डिप्टी सीएमओ रोजाना चेक करेंगे दो अस्पताल
शाहजहांपुर। मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे अपंजीकृत अस्पतालों की जांच में राजनीतिक दबाव बाधा बन रहा है। जलालाबाद में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद एक बार फिर से विभाग ने अभियान को चलाने की तैयारी शुरू की है। सीएमओ ने डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहम्मद आसिफ को रोजाना दो अस्पतालों को चेक करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में 88 अस्पताल स्वास्थ्य विभाग में पंजीकृत हैं। इससे ज्यादा अपंजीकृत अस्पतालों का संचालन जनपद के ग्रामीण इलाकों में किया जा रहा। जलालाबाद-फर्रुखाबाद रोड पर आदविक अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद एक बार फिर से स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने अस्पतालों की छापामार कार्रवाई का चार्ज बदलकर डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहम्मद आसिफ को दे दिया। उन्होंने बिना पंजीकरण संचालित अस्पतालों पर कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए। सीएमओ ने बताया कि हर दिन दो अस्पतालों का निरीक्षण किया जाएगा।
घटनाएं होने के बाद की गई कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग बिना पंजीकरण चल रहे अस्पतालों को बंद कराने में गंभीरता नहीं दिखाता है। अस्पताल में कोई घटना होने के बाद कार्रवाई की याद आती है। कांट में संचालिका की मौत के बाद अस्पताल को बंद कराया गया। इसी तरह निगोही व पुवायां में जांच के बाद अस्पताल सील किए गए थे।