Shahjahanpur News: 33.60 लाख से चिनौर में बन रहा एमआरएफ सेंटर
शाहजहांपुर। ककराकलां के बाद अब चिनौर में मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर का निर्माण करवाया जा रहा है। इससे क्षेत्रवासियों को कूड़े से निजात मिल सकेगी। इसके साथ ही रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
शहर के वार्डों से रोजाना 130 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। इसके प्रबंधन के लिए अभी ककराकलां में एक एमआरएफ सेंटर बना हुआ है। यहां पर डंपिंग ग्राउंड में एकत्रित कूड़े का प्रबंधन (कूड़े से प्लास्टिक व शीशा अलग करना) किया जाता है। इसके साथ ही खाद बनाने का काम भी हो रहा है। इसी तरह अब चिनौर में नगर निगम की ओर से एमआरएफ सेंटर बनवाया जा रहा है। यहां पर भी कूड़ा प्रबंधन किया जाएगा। इसमें कचरा एवं प्लास्टिक का प्रबंधन कर जैविक खाद बनाई जाएगी। सेंटर पर निर्मित जैविक खाद नगर एवं आसपास के किसानों के लिए वरदान साबित होगी। वहीं एमआरएफ सेंटर लग जाने के बाद बेरोजगार को रोजगार मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा। यह सेंटर बनाने के लिए 33.60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
चिनौर में एमआरएफ सेंटर का निर्माण करवाया जा रहा है। इसका लगभग 40 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष कार्य जल्द पूरा करा लिया जाएगा। इसके बाद कूड़ा प्रबंधन हो सकेगा।
– आशीष त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता (निर्माण), नगर निगम