Shahjahanpur News: हर सभासद वार्ड में दस लाख से कराएंगे विकास कार्य
शाहजहांपुर। निगोही में नगर पंचायत बोर्ड की बैठक चेयरमैन मनोज वर्मा की अध्यक्षता में हुई। जिसमें ढाई करोड़ रुपये के प्रस्ताव पास हुए हैं। प्रत्येक सभासद दस-दस लाख रुपये से अपने क्षेत्र में विकास कार्य करा सकेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से नगर पंचायत क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा।
शुक्रवार को बैठक में सभासदों द्वारा दिए गए विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। जिसे सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। अध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा ने कहा कि जल्द ही सभी वार्डों में 10-10 लाख के सड़क निर्माण कार्य कराए जाएंगे। हैंडपंप, कैमरे व नई लाइटें लगाई जायेगीं। खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता को गंदगी से निजात दिलवाने के लिए सफाई अभियान चलाएंगे। सभी सफाई सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि अपने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था ठीक रखें।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट डॉ.वेद प्रकाश मिश्रा, सभासद सतीश वर्मा,मोहम्मद रफी,अनुज यादव, गिरंद पाल, संध्या सिंह, जसविंदर कौर, कुसुमा वर्मा, माहेश्वरी राठौर, रामबेटी, गुलशन बानो, शमशुल निशा, मुमताज मियां, इस्लाम खान, राकेश वर्मा, रहीश बाबू आदि मौजूद थे।
नगर मजिस्ट्रेट डॉ. वेदप्रकाश मिश्रा ने सभासद रहीस बाबू की शिकायत पर पैंतापुर स्थित सरकारी स्कूल में निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को मानक के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।