Shahjahanpur News: रामलला के दर्शन के लिए आतुर श्रद्धालु, ट्रेनों में बुकिंग फुल

अनंगपाल सिंह
शाहजहांपुर। अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में 22 जनवरी को श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा होने का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं को फिलहाल वहां तक पहुंचने में काफी मुश्किल होने वाली है। इस दिन रामलला के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त वहां जाएंगे। उन्होंने ट्रेनों में पहले ही सीट बुक करा ली थी। अब 22 जनवरी के आसपास की तारीखों में भी ट्रेनें फुल हो चुकी हैं।
शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन तक पांच ट्रेन संचालित होती हैं। इनमें 13010 दून एक्सप्रेस, 13308 गंगा सतलज एक्सप्रेस, 13152 कोलकाता एक्सप्रेस नियमित रूप से चलती हैं। 14650 सरयू यमुना एक्सप्रेस रविवार, मंगलवार व बृहस्पतिवार, 14018 रक्सौल एक्सप्रेस बुधवार को संचालित होती है। इनके अलावा पांच अन्य ट्रेनों का संचालन शाहजहांपुर से अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन तक होता है। इनमें नियमित रूप से चलने वाली ट्रेन 14206 अयोध्या एक्सप्रेस है। जबकि 15116 लोकनायक एक्सप्रेस का संचालन रविवार, 15716 किशनगंज गरीब नवाज एक्सप्रेस मंगलवार, बुधवार व शुक्रवार तथा 15934 न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस शनिवार को चलती है। इन सभी ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। वहीं, एक ट्रेन कोहरे की वजह से 14236 वाराणसी एक्सप्रेस फरवरी तक रद्द है। बावजूद लोग ट्रेन में सीटें बुक करवा रहे हैं ताकि मार्च में रामलला के दर्शन के लिए जा सकें।
फरवरी में अधिक बुकिंग
जनवरी में रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या में जनसैलाब उमड़ेगा। जनवरी में कोहरा और शीतलहर भी हावी रहने की संभावना है। ऐसे में अधिकांश लोग फरवरी में अयोध्या जाने के लिए ट्रेनों में बुकिंग करवा रहे हैं। फरवरी के दूसरे सप्ताह से मौसम में सुधार होने लगता है। कई ट्रेनों में अभी से कंफर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं।
इन ट्रेनों में यह स्थिति
15716 लोकनायक एक्सप्रेस में 19 जनवरी को 37, 23 जनवरी को 25 व 26 जनवरी को 64 वेटिंग है। 14206 अयोध्या एक्सप्रेस में 20 जनवरी को 20, 21 को 46, 22 को 33 वेटिंग है। इसी तरह से 14650 सरयू यमुना एक्सप्रेस में 21 जनवरी को 21, 23 को नौ और 25 को 11 वेटिंग चल रही है। इसी तरह से अन्य ट्रेनों की स्थिति है।
अयोध्या धाम जंक्शन और अयोध्या कैंट के लिए शाहजहांपुर से जाने वाली ट्रेनों में 22 से 28 जनवरी तक 20 से 65 तक वेटिंग चल रही है। आने वाले दिनों में 100 तक पहुंचने की संभावना है। फरवरी तक तमाम ट्रेनें निरस्त हैं, इसलिए मार्च के लिए बुकिंग अधिक होने की संभावना है।
– पीएस तोमर, स्टेशन अधीक्षक

अनंगपाल सिंह

अनंगपाल सिंह

