Shahjahanpur News: शाहजहांपुर और जलालाबाद पालिका को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति का खुलासा
शाहजहांपुर। नगर निगम, पालिका परिषद, नगर पंचायत और विकास प्राधिकरणों पर सीएजी की रिपोर्ट में प्रभावी कार्रवाई के अभाव में आर्थिक क्षति के मामले उजागर किए गए हैं। इनमें नगर पालिका परिषद शाहजहांपुर व नगर पालिका परिषद जलालाबाद भी शामिल हैं।
सीएजी की रिपोर्ट के अनुसार नगर पालिका परिषद शाहजहांपुर की विभिन्न ठेकेजात मदों का रुपया वर्ष 2008-09 से बकाया वसूली नहीं किया गया। जिससे पालिका को 17 लाख 12 हजार 572 रुपये की आर्थिक क्षति हुई थी। इसके साथ ही नगर पालिका की सीमांतर्गत शो-टैक्स पर 31 मार्च 2017 तक बकाया धनराशि रुपये सात लाख 86 हजार 560 की वसूली के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसकी वजह से भी पालिका को आर्थिक क्षति उठानी पड़ी थी।
वहीं, नगर पालिका परिषद जलालाबाद में वर्ष 2016-17 में ठेकेजात की बकाया धनराशि की वसूली के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे पालिका को 11 लाख 85 हजार रुपये की आर्थिक क्षति उठानी पड़ी। स्थानीय निकायों की लेखा परीक्षा प्रतिवेदनों की जांच संबंधी समिति गठित है।