Shahjahanpur News: जिले के इतिहास पर लिखी पुस्तक का डीएम ने किया विमोचन

शाहजहांपुर में किताब का विमोचन करते डीएम उमेश प्रताप सिंह।
शाहजहांपुर। काकोरी ट्रेन एक्शन और भारत छोड़ो दिवस की जयंती पर जिले के इतिहास पर लिखी पुस्तक अट्ठारह सौ सत्तावन का विमोचन डीएम उमेश प्रताप सिंह ने किया। पुस्तक के लेखक डॉ. विकास खुराना है।
कलक्ट्रेट के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीएम ने कहा कि यह जिला ऐतिहासिक गौरव प्राप्त है। जिले के संदर्भ में इतिहास का लेखन अतीत के खोए हुए गौरव को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। अनेक तथ्य शाहजहांपुर को विशेष बनाते हैं। इनमें आजादी की लड़ाई में जिले का योगदान प्रमुख है।
वर्ष 1857 में भारत में पहली बार अंग्रेजों की जुल्मी हुकूमत को खत्म करने के लिए पूरे देश में क्रांति घटित हुई थी। शाहजहांपुर ने आगे बढ़कर इस क्रांति का सफल नेतृत्व किया था। नाना साहब, मौलवी अहमद उल्लाह शाह जैसे प्रसिद्ध क्रांतिकारी यहीं से अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई को धार देते रहे। पीसीएस में चयनित अधिकारी विशाल पांडे ने कहा कि पिछले तीन-चार सौ वर्षों में जिले के इतिहास पर मात्र कुछ ही पुस्तकें लिखी गई हैं। उनमें से प्राप्त केवल तीन या चार ही हैं।
इस मौके पर एसडीएम शैलेंद्र सिंह, एसएस कालेज के सचिव डाॅ. अवनीश मिश्रा, प्राचार्य प्रोफेसर राकेश कुमार आजाद, कला संकाय प्रभारी डाॅ. आलोक मिश्रा, उप प्राचार्य डॉ. अनुराग अग्रवाल, डाॅ. प्रभात शुक्ला ने पुस्तक के लेखक डाॅ. विकास खुराना को बधाई दी।